ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों से गूंजा शहपुरा, स्थानीय कैफे में कुल्हड़ चाय की चुस्कियों का लिया आनंद
जबलपुर। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से सड़क मार्ग के जरिए जबलपुर आ रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शहपुरा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए यहां पहले से मौजूद युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज और गगनभेदी नारों के बीच मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया गया।
शहपुरा विधायक नीरज सिंह एवं उनके युवा साथियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी युवाओं के उत्साह का अभिवादन करते हुए उनसे मुलाकात की और कुछ समय उनके बीच बिताया।
युवाओं के आग्रह पर कैफे पहुंचे मुख्यमंत्री
शहपुरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक अलग और सहज अंदाज भी देखने को मिला। युवाओं के आग्रह पर वे स्थानीय डीआरएक्स कैफे पहुंचे, जहां उन्होंने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने कैफे संचालक राजदीप राय एवं विशेष जैन से मुलाकात कर नए प्रतिष्ठान की शुरुआत पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री का इस तरह स्थानीय युवाओं के बीच पहुंचना और उनके आग्रह पर कैफे में चाय का आनंद लेना चर्चा का विषय रहा। इस दौरान मौजूद युवाओं में मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
जनप्रतिनिधियों और युवाओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजमणि सिंह बघेल, राजा नाहर, प्रिंस पटेल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
शहपुरा में मुख्यमंत्री के स्वागत का यह कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment