'गैंगस्टर'! इंस्टाग्राम पर खौफ का खेल खेलने वाला शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
बीयर पीने गए कारोबारी की सेंट्रो कार चोरी।
लार्डगंज पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचा।
आरोपी से गोरा बाजार क्षेत्र की चोरी की जुपिटर भी बरामद।
इंस्टाग्राम पर खुद को "गैंगस्टर" बताकर हथियारों के साथ करता था पोस्ट।
पुलिस रिकॉर्ड में 20 से अधिक अपराध, तीन स्थायी वारंट और आरपीएफ का वारंट लंबित।
सोशल मीडिया पर खौफ का चेहरा, हकीकत में वाहन चोरी और मारपीट का आरोपी।
जबलपुर।
सोशल मीडिया पर खुद को गैंगस्टर बताकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाला युवक आखिरकार लार्डगंज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इंस्टाग्राम पर रिवॉल्वर और चाकू के साथ तस्वीरें पोस्ट कर खुद को बड़े अपराधी के रूप में पेश करने वाला महेश डुमार पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद एक वाहन चोर और मारपीट जैसे मामलों का आरोपी निकला। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सेंट्रो कार और एक जुपिटर वाहन बरामद किया है।
बीयर पीने गए कारोबारी की कार लेकर हुआ फरार
थाना प्रभारी नवल आर्य के अनुसार फरियादी संजय जैन मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बीयर पीने के लिए शराब दुकान पहुंचे थे। उन्होंने अपनी सेंट्रो कार बाहर खड़ी कर दी, जिसमें चाबी लगी हुई थी। कुछ देर बाद लौटे तो कार मौके से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने शाम को लार्डगंज थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सूचना मिली और विजय नगर में बिछा पुलिस का जाल
वाहन चोरी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवल आर्य ने तत्काल विशेष टीम गठित की। टीम में सहायक उप निरीक्षक मनोज गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा, निरीक्षक शुभम पटेल, आरक्षक पंकज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की गई कार विजय नगर के जीरो डिग्री क्षेत्र में देखी गई है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान समीर डुमार पिता महेश डुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में खुला दूसरी चोरी का राज
पुलिस पूछताछ में समीर डुमार पिता महेश डुमार ने गोरा बाजार थाना क्षेत्र से चोरी की गई जुपिटर दोपहिया वाहन चोरी करना भी स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वाहन बरामद कर लिया है। आरोपी पहले लार्डगंज थाना क्षेत्र में रहता था, लेकिन वर्तमान में घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर इलाके में रह रहा था।
इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर, असलियत में वाहन चोर
जांच में सामने आया कि समीर डुमार पिता महेश डुमार इंस्टाग्राम पर खुद को "गैंगस्टर" बताता है। उसके अकाउंट पर रिवॉल्वर और चाकू के साथ कई तस्वीरें और रील मौजूद हैं। वह सोशल मीडिया पर खुद पर 32 अपराध दर्ज होने का दावा कर लोगों में अपना खौफ पैदा करने की कोशिश करता था। उसकी पोस्ट का उद्देश्य अपने नाम का डर बनाना और खुद को बड़े अपराधी के रूप में पेश करना प्रतीत होता है।
पुलिस बोली— गैंगस्टर नहीं, आदतन चोर
थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मारपीट और चोरी सहित 20 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके विरुद्ध तीन स्थायी वारंट भी लंबित हैं, जबकि आरपीएफ का एक वारंट भी जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर जितना बड़ा गैंगस्टर बनने का दिखावा करता था, हकीकत में वह चोरी और छोटे-मोटे आपराधिक मामलों में लिप्त एक आदतन अपराधी है।
सोशल मीडिया की भी होगी जांच
पुलिस अब आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट की भी जांच कर रही है। यदि हथियारों का प्रदर्शन, आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन या अन्य कानूनी उल्लंघन सामने आते हैं तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अलग से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं वह अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहा।


No comments:
Post a Comment