871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद, 412 नग पैकिंग के डिब्बे भी मिले; जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये
जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच और थाना गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गांजे से भरा एक कंटेनर पकड़ा है। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 28 बोरियों से 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय नहीं बल्कि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय इस तस्करी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना गोसलपुर की संयुक्त टीम पेट्रोलिंग कर रही थी।
दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को टीम को मुस्करा मोड़ के पास एनएच-30 पर जबलपुर की ओर आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
कंटेनर की तलाशी में खुला गांजा तस्करी का राज
पुलिस ने कंटेनर में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम धर्मवीर सिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी नगला कलुआ, थाना बुलंदशहर, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश बताया। वहीं दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम विक्रम कर्माकार, उम्र 24 वर्ष, निवासी पतिराम, दक्षिण दिनाजपुर, बालुरघाट, पश्चिम बंगाल बताया।
कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 नग पैकिंग के डिब्बे और 28 बोरियों में भरा गांजा मिला। बोरियों में रखे गांजे का वजन करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर को भी जब्त कर लिया।
विशाखापट्टनम से अंबाला तक पहुंचाने की थी तैयारी
पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि कंटेनर उसी का है और उसने अपने रिश्तेदार के लड़के विक्रम के साथ 18 अक्टूबर 2026 को विशाखापट्टनम से माल लोड किया था। इसके बाद 19 अक्टूबर को अंबाला के लिए रवाना हुआ था।
पूछताछ के दौरान चालक ने यह भी बताया कि बलांगीर, ओडिशा के प्रभात साहू नामक व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी थी कि मध्यप्रदेश का माल गांजा लेकर जाना है। आरोपी के अनुसार, प्रभात साहू पहले भी कई बार गांजा मध्यप्रदेश पहुंचाने के लिए दे चुका था। इसके एवज में उसे एक बार के एक लाख रुपये मिलने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां लोड की गई थीं। इस खुलासे के बाद पुलिस गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, 412 नग पैकिंग के डिब्बे और गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20, 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह एवं एसडीओपी सिहोरा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और थाना गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई में थाना गोसलपुर की टीम, क्राइम ब्रांच तथा नारकोटिक्स विंग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment