शपथ समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जताई व्यापारियों के हित में सक्रिय भूमिका की प्रतिबद्धता
जबलपुर। गढ़ा सराफा एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने व्यापारिक एकता, आपसी सहयोग और सराफा व्यापारियों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। होटल गेलेक्सी, मदनमहल में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली।
गरिमामय समारोह में अतिथियों की रही मौजूदगी
समारोह में लोक निर्माण मंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र विधायक राकेश सिंह के अनुज लेखराज सिंह ‘मुन्ना भैया’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन ‘गुड्डा’ ने की। महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रवि गुप्ता सहित सराफा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक समारोह में मौजूद रहे।
मध्यप्रदेश सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ, सराफा एसोसिएशन जबलपुर के अध्यक्ष नवीन सराफ, पार्षद शेखर सोनी, भाजपा नगर उपाध्यक्ष अभय सिंह ठाकुर, गढ़ा सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद सराफ, संरक्षक अशोक सोनी, शशिस कौशल, ओम सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
एकता और विश्वास को संगठन की ताकत बनाने का संदेश
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सराफा व्यवसाय सिर्फ खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वर्षों से कायम विश्वास, प्रतिष्ठा, गुणवत्ता और पारदर्शिता से जुड़ा व्यवसाय है। ऐसे में व्यापारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से सभी व्यापारियों को साथ लेकर चलने और उनके हितों से जुड़े विषयों को मजबूती से उचित मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
श्याम सोनी ने प्रस्तुत किया संस्था का प्रतिवेदन
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन के सचिव श्याम सोनी द्वारा संस्था के प्रतिवेदन की प्रस्तुति के साथ हुई। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों, अब तक की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी उपस्थितजनों के समक्ष रखी। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गढ़ा सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का तिलक, पुष्पहार एवं अंगवस्त्र से स्वागत किया।
नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
शपथ ग्रहण के दौरान दीपक सोनी अध्यक्ष, श्याम सोनी सचिव, अंकुर सोनी कोषाध्यक्ष, संतोष ताम्रकार उपाध्यक्ष, राजा सोनी एवं सजल सोनी सहसचिव तथा विकास सोनी मीडिया प्रभारी ने पद एवं संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ ली।
कार्यसमिति सदस्यों के रूप में शगुन सोनी, प्रथम सोनी, आकाश सोनी, आशीष सोनी, मनोज सोनी, मोनू सोनी, निर्मल चंद जैन, प्रवीण सोनी, अनिल सराफ एवं अनूप सोनी ने भी संगठन की एकता, आपसी सहयोग एवं व्यापारी हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष दीपक सोनी ने बताई प्राथमिकताएं
नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक सोनी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि गढ़ा क्षेत्र के सराफा व्यापारियों को एक मंच पर लाकर व्यापारिक एकता मजबूत करना, आपसी संवाद एवं सहयोग बढ़ाना तथा व्यापारियों से जुड़े विषयों को उचित मंच तक पहुंचाना एसोसिएशन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि संगठन को अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने के साथ व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
व्यापार के साथ जनसेवा पर भी रहेगा जोर
नई कार्यकारिणी ने व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। संगठन के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक आयोजनों में सहयोग और समाजहित से जुड़े कार्यों में सहभागिता बढ़ाने की बात कही गई।
बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह में राजा सराफ, नवीन सराफ, शेखर सोनी, अशोक सोनी, शशिस कौशल, जबलपुर सराफा के सहसचिव के.के. सुहाने, उपाध्यक्ष महेंद्र ओसवाल, कोषाध्यक्ष ओम सोनी, कमल सोनी, महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अखिल मिश्रा, समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष पवन पाण्डेय, श्रमजीवी पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत वाजपेयी, वरिष्ठ पत्रकार संतराम केवड़े, राहुल शर्मा, सिमरन सिंह शुक्ला, अनुराग दीक्षित, मधुकर ठाकरे, इंजीनियर के.एस. ठाकुर, एडवोकेट आर.एन. झा, सीएसपी गोरखपुर एम.डी. नागोतिया सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आभार और संचालन
समारोह के अंत में गढ़ा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सोनी, सचिव श्याम सोनी एवं कोषाध्यक्ष अंकुर सोनी ने सभी अतिथियों, व्यापारियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का गरिमामयी संचालन पंडित चंद्रशेखर शर्मा ने किया। समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment