शराब दुकान को लेकर क्षेत्रीय जनों का फूटा गुस्सा, महिलाओं ने बंद दुकान में जड़ा ताला - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, August 16, 2026

शराब दुकान को लेकर क्षेत्रीय जनों का फूटा गुस्सा, महिलाओं ने बंद दुकान में जड़ा ताला

 

जबलपुर। गोरा बाजार थाना क्षेत्र में थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित शराब दुकान को लेकर क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहे विरोध के बाद रविवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, महिलाएं और बच्चे सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही।

क्षेत्रीय लोगों ने आज शराब दुकान में तालाबंदी करने की घोषणा की थी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया था। हालांकि स्थिति को भांपते हुए शराब ठेकेदार ने आज दुकान ही नहीं खोली। इसके बावजूद आक्रोशित लोगों ने बंद दुकान के बाहर पहुंचकर उसमें अपना ताला जड़ दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यदि शराब दुकान दोबारा खोली गई तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। लोगों ने चेतावनी दी है कि दुकान बंद नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन और उग्र हो सकता है तथा तोड़फोड़ जैसी स्थिति भी निर्मित हो सकती है।

महिलाओं का आरोप—आवागमन में होती है परेशानी

क्षेत्रीय महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान मुख्य बाजार और तिराहे के समीप स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों के मुताबिक शराब दुकान के आसपास आए दिन विवाद और असहज परिस्थितियां बनी रहती हैं।

क्षेत्रीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान मोड़ और तिराहे के नजदीक होने के कारण यहां आए दिन सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि आबादी और बाजार के बीच इस तरह शराब दुकान का संचालन सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित नहीं है।

भारी पुलिस बल के बीच महिलाओं ने जड़ा ताला

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं और अंततः बंद पड़ी शराब दुकान में ताला लगा दिया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं का आक्रोश देखकर स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता था। यदि दुकान खुली होती तो स्थिति और अधिक तनावपूर्ण होने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता था।

अब प्रशासन के रुख पर नजर

क्षेत्रीय लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शराब दुकान दोबारा खुलने नहीं दी जाएगी। महिलाओं के बढ़ते विरोध और आंदोलन की चेतावनी के बाद अब निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। सवाल यह है कि प्रशासन क्षेत्रीय लोगों की मांग पर क्या निर्णय लेता है और विवादित शराब दुकान के संचालन को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

No comments: