महफिल बार में 21 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या, 15 अगस्त को शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, August 16, 2026

महफिल बार में 21 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या, 15 अगस्त को शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन

 14 अगस्त की रात दमोह नाका स्थित बार में हुई वारदात


जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोह नाका स्थित महफिल बार एवं रेस्टोरेंट में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती मुस्कान चौधरी की 14 अगस्त की रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में युवती के साथ काम करने वाले युवक बर्मन को मुख्य आरोपी बताते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

साथ काम करने वाले युवक पर हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, बार में काम करने वाली मुस्कान चौधरी पर उसके साथ काम करने वाले युवक बर्मन ने चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के कारणों और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

15 अगस्त को शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

हत्या के विरोध में 15 अगस्त को मृतका के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने चक्काजाम का प्रयास भी किया। बड़ी संख्या में लोगों के मौके पर जुटने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।

बार संचालक की भूमिका की जांच की मांग

मृतका के परिजनों ने बार संचालक की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि बार में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। उन्होंने बार संचालक समेत जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।

बालकृष्ण चौधरी ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

स्थानीय नेता बालकृष्ण चौधरी ने घटना को गंभीर बताते हुए महफिल बार के संचालक की भूमिका की जांच कराने तथा मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम के समक्ष भी अपनी बात रखी।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बार संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बार संचालक की भूमिका समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने परिजनों को दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

15 अगस्त को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतका के परिजनों से बातचीत की। एसडीएम ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

No comments: