जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गोराबाजार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 कार्टन में रखी 750 पाव देशी शराब एवं 23 बोतल अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 87 हजार 500 रुपये है, जब्त की है। मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन-4) अंजना तिवारी तथा नगर पुलिस अधीक्षक (कैंट) उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में गोराबाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
थाना प्रभारी संजीव कुमार त्रिपाठी के अनुसार पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिगरी टपरिया बस्ती निवासी रज्जू उर्फ राजेश यादव ने अपने घर के पास भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।
भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दबोचा
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज देशकर (48 वर्ष) निवासी 90 क्वार्टर, थाना संजीवनी नगर बताया।
17 कार्टन से मिली भारी मात्रा में शराब
तलाशी के दौरान पुलिस को खाली स्थान पर रखे 15 कार्टन में 750 पाव देशी शराब, एक कार्टन में 8 पीएम ब्रांड की 11 बोतल अंग्रेजी शराब तथा एक कार्टन में मैजिक मूवमेंट ब्रांड की 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 750 पाव देशी शराब और 23 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
तीन हजार रुपये में कर रहा था निगरानी
पूछताछ में आरोपी सूरज देशकर ने पुलिस को बताया कि वह रज्जू उर्फ राजेश यादव के कहने पर शराब की निगरानी करता था। इसके बदले उसे 3 हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस ने इस खुलासे के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उप निरीक्षक कपिल शर्मा, प्रधान आरक्षक राधेलाल मर्सकोले, आरक्षक संतलाल एवं आरक्षक मिथुन यादव की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की।

No comments:
Post a Comment