आयुष्मान कार्ड पर इलाज और राशि वसूली के आरोप को लेकर निजी अस्पताल में हंगामा, पुलिस पहुंची मौके पर - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, August 4, 2026

आयुष्मान कार्ड पर इलाज और राशि वसूली के आरोप को लेकर निजी अस्पताल में हंगामा, पुलिस पहुंची मौके पर

पीड़ित परिवार ने लगाए पैसे लेने के आरोप, अस्पताल प्रबंधन ने किया खंडन; आखिर में परिजनों ने शिकायत से किया इंकार



जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कटनी जिले के कैमोर से आए एक परिवार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के बावजूद अस्पताल द्वारा राशि लिए जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, कैमोर निवासी बर्मन परिवार अपने सड़क दुर्घटना में घायल बच्चे के उपचार के लिए करीब तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराने जबलपुर आया था। परिजनों का आरोप था कि उनके पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने उपचार के नाम पर करीब 35 हजार रुपये ले लिए।

हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि शासन की योजना के अनुरूप ही उपचार किया गया है तथा मरीज या उसके परिजनों से किसी प्रकार की अवैध राशि नहीं ली गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर एनएसयूआई छात्र नेता विजय रजक अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार के पक्ष में खड़े होकर मामले की जानकारी ली। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। वहीं पूर्व विधायक अंचल सोनकर भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को समझने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष से पूछा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की शिकायत है तो वे विधिवत आवेदन दे सकते हैं। इस पर मरीज के पिता ने स्पष्ट कहा कि उन्हें अब किसी प्रकार की शिकायत नहीं करनी है और वे मामले से संतुष्ट हैं।

दूसरी ओर, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि मरीज के साथ किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मरीज के हितों की रक्षा की जानी चाहिए।

समाचार लिखे जाने तक मरीज के पिता ने पुलिस को किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं दी थी और उन्होंने स्वयं को संतुष्ट बताते हुए आगे कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कही। ऐसे में मामला फिलहाल शांत हो गया, हालांकि अस्पताल में हुई इस घटना को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा।


No comments: