जबलपुर रेलवे स्टेशन पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, August 4, 2026

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे

 सिविल लाइन थाना व क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, उड़ीसा से गांजा लाने की आशंका


जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के अभियान के तहत क्राइम ब्रांच एवं सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-6 के बाहर से दो युवकों को करीब 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर रेलवे स्टेशन के बाहर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद मैरून रंग के पैकेट से लगभग 10 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद गांजा उड़ीसा से जबलपुर लाया गया होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह गांजा किसके कहने पर लेकर आए थे और इसे शहर में किस व्यक्ति या गिरोह को सपुर्द किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर रही है। मामले में विस्तृत खुलासा पुलिस की आधिकारिक प्रेस वार्ता या प्रेस विज्ञप्ति के बाद होने की संभावना है।

No comments: