प्रॉपर्टी विवाद में क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Thursday, July 9, 2026

प्रॉपर्टी विवाद में क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

 ढाई माह से फरार 20 हजार रुपये का इनामी आरोपी बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन कटंगा से दबोचा गया


जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में हुए चर्चित सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब ढाई माह से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी एवं हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में फरार इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी एवं लंबित वारंटों की तामील के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन-4) सुश्री अंजना तिवारी तथा नगर पुलिस अधीक्षक रांझी श्री सतीष साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रांझी श्री उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

मुखबिर की सूचना पर कटंगा में हुई गिरफ्तारी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन अपने एक दोस्त से मिलने कटंगा क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कटंगा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

23 अप्रैल को हुई थी क्लारेन्स एटकीन्स की हत्या

गौरतलब है कि 23 अप्रैल 2026 को रांझी क्षेत्र में सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने वारदात में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन अपने साथी के साथ फरार हो गया था।

पिता ने रची थी हत्या की साजिश

विवेचना के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन था। उसने अपने पुत्र प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन और अन्य साथियों के साथ मिलकर क्लारेन्स एटकीन्स की हत्या की साजिश रची थी।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं अन्य आरोपी

इस मामले में पुलिस पहले ही तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20 वर्ष), मोहित ठाकुर (20 वर्ष), प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन (25 वर्ष) तथा एक 16 वर्षीय विधि-विवादित बालक को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य साजिशकर्ता बाबा नेल्सन की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

No comments: