पूछताछ में कबूला गुनाह, लोगों के बीच निकाला पैदल जुलूस; बोले— "अपराध करना पाप है"
जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने वरिष्ठ नागरिक से लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, दस्तावेज, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
सब्जी लेकर लौट रहे बुजुर्ग को बनाया था निशाना
थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को करमेता निवासी 66 वर्षीय मुन्नालाल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सब्जी और फल खरीदकर घर लौट रहे थे। रात लगभग 9 से 9:15 बजे के बीच माँ रेवा कॉलोनी मोड़ के पास मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। दो युवकों ने उन्हें पकड़कर उनकी जेब से सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों से भरी डायरी तथा 1,150 रुपये नगद लूट लिए और चुंगी नाका की ओर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदेह के आधार पर राहुल चौधरी (24), अभिषेक चौधरी (22) और सुमित उर्फ अन्नू चौधरी (20), निवासी राजीव गांधी नगर, माढ़ोताल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
लूट का सामान और बाइक बरामद
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन, दस्तावेज तथा 500 रुपये नगद बरामद किए गए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुमित उर्फ अन्नू चौधरी थाना माढ़ोताल का गुंडा सूचीबद्ध बदमाश है, जिसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
खौफ खत्म करने के लिए निकाला जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और आमजन में सुरक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से तीनों आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से सार्वजनिक रूप से कहलवाया गया— "अपराध करना पाप है।" पुलिस की इस कार्रवाई को लोगों ने अपराधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश माना।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरे मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में उप निरीक्षक विजय शुक्ला, अशोक राय, आरक्षक सचिन मेहरा, निकेश, विनय सिंह, राहुल तथा कुनाल यादव की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment