पाटन रोड पर चला विशेष अभियान
जबलपुर। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार, 8 जुलाई 2026 को थाना माढ़ोताल क्षेत्र के पाटन रोड पर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) राहुल क्षत्री के नेतृत्व में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक चलित न्यायालय के माध्यम से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में थाना माढ़ोताल पुलिस का पूरा स्टाफ भी मौजूद रहा यह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेश पर की गई चलित न्यायालय के द्वारा पूरी कार्यवाही को अंजाम दिया गया
100 से अधिक वाहनों की हुई सघन जांच
करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान 100 से अधिक दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन प्रमाण-पत्र (आरसी), बीमा दस्तावेज, हेलमेट, काली फिल्म, अमानक नंबर प्लेट, बिना नंबर वाले वाहन, तीन सवारी सहित अन्य आवश्यक नियमों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
चलित न्यायालय में मौके पर ही हुई कार्रवाई
जांच के दौरान जिन वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध चलित न्यायालय द्वारा मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई इतनी त्वरित रही कि नियम तोड़ने वालों को तत्काल अपने कृत्य का दंड भुगतना पड़ा।
नहीं चली किसी की सिफारिश
अभियान के दौरान कुछ वाहन चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए अपनी पहचान, जान-पहचान और प्रभावशाली लोगों के नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की। कई लोगों ने फोन लगाकर "सोर्स" का सहारा लेने का प्रयास भी किया, लेकिन चलित न्यायालय की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और कानून के दायरे में रही। किसी भी सिफारिश या दबाव को महत्व नहीं दिया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर समान रूप से कार्रवाई की गई।
सख्ती का दिखा स्पष्ट संदेश
इस विशेष अभियान ने साफ संदेश दिया कि अब यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए किसी प्रकार की रियायत नहीं होगी। वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखना, हेलमेट पहनना तथा निर्धारित नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई जारी रहेगी।
सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें तथा नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग दें। ऐसी संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहने की संभावना है।

No comments:
Post a Comment