जबलपुर। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना चरगवां पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को कुल 140 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी चरगवां सरोजनी चौकसे ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हीरापुर नाला के पास दो युवक बड़ी मात्रा में कच्ची शराब लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अंशुल मरकाम (21 वर्ष) एवं श्रीराम बरकड़े (21 वर्ष) निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 हजार रुपये है, जब्त की गई।
इसी दिन मुखबिर की एक अन्य सूचना पर पुलिस ने ग्राम सोमती केनाल के पास दबिश देकर अंकित कुमार गोंड़ (19 वर्ष) निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब, जिसकी कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी चरगवां सरोजनी चौकसे, सहायक उप निरीक्षक लाल सिंह सेन, आरक्षक बसंत मेहरा, आशुतोष तथा संदीप कौरव की उल्लेखनीय एवं सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment