रांझी हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी ही निकला वृद्धा का हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, June 5, 2026

रांझी हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी ही निकला वृद्धा का हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 


जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के अन्ना बाबा मोहल्ला में 75 वर्षीय वृद्ध महिला पुष्पा शर्मा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपी रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल (45 वर्ष) को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतका के घर के पास ही अन्ना बाबा बस्ती में रहता था और नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी की नीयत से वृद्ध महिला के घर में घुसा था। उस समय महिला घर में अकेली थीं क्योंकि उनके बेटे खेती-बाड़ी के काम से बाहर गए हुए थे। आरोपी घर में चोरी कर रहा था तभी आहट होने पर महिला जाग गईं। महिला ने आरोपी को देख लिया और पहचान भी लिया, क्योंकि वह उसी मोहल्ले का रहने वाला था।

पहचान उजागर होने के डर से कर दी हत्या

जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि महिला के जागने और शोर मचाने से वह घबरा गया था। उसे डर था कि महिला उसे पहचान चुकी हैं और पुलिस तक उसका नाम पहुंच जाएगा। इसी डर के चलते उसने घर में रखी एक कसैड़ी (धारदार हथियार) उठाई और वृद्ध महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को घसीटकर कुएं में फेंका

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने महिला के शव को घर से घसीटते हुए बाहर ले जाकर पास के कुएं में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था।

अलमारी खुली मिली, सामान था बिखरा

पुलिस को घटनास्थल से शुरू से ही चोरी की आशंका के संकेत मिले थे। घर के अंदर रखी अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। कई वस्तुएं अस्त-व्यस्त हालत में मिली थीं, जिससे स्पष्ट हो रहा था कि घर में चोरी या लूटपाट की कोशिश की गई थी। वहीं संघर्ष के निशान भी मिले थे, जिससे पुलिस का शक हत्या की ओर गया।

पुलिस की सतर्कता से हुआ खुलासा

रांझी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। लगातार तलाश और दबिश के बाद आरोपी रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

मोहल्ले में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वृद्ध महिला की निर्मम हत्या से पूरे अन्ना बाबा मोहल्ला में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि आरोपी मोहल्ले में लंबे समय से नशे का आदी था। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं तथा चोरी का कितना सामान ले जाया गया था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

No comments:

Post a Comment