जबलपुर/। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशभर के युवाओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, लेखकों, ब्लॉगरों, मोटिवेशनल स्पीकर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा कला एवं मनोरंजन जगत की प्रतिभाओं को जोड़ने के लिए "सोशल मीडिया वॉरियर्स : प्रतिभा एक खोज" अभियान का शुभारंभ किया है। अभियान का उद्देश्य समाज की सकारात्मक और जागरूक आवाजों को कांग्रेस संगठन से जोड़कर जनहित, संविधान और लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्य करना है।
कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत यह पहल प्रदेश स्तर पर शुरू की गई है। पार्टी का मानना है कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनमत निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में समाज के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले युवाओं और प्रतिभाशाली व्यक्तियों को एक सशक्त मंच प्रदान किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत इच्छुक युवा 1 जून से 15 जून तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की जांच एवं स्क्रूटनी की जाएगी। चयन प्रक्रिया के तहत 20 से 23 जून के बीच साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जबकि चयनित प्रतिभाओं की अंतिम सूची 30 जून को जारी की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार यह अभियान केवल सदस्यता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नई सोच, नई प्रतिभाओं और नई ऊर्जा को संगठन से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़कर समाज और राष्ट्रहित में योगदान देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और नागरिक अधिकारों के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में जागरूक, रचनात्मक और सामाजिक सरोकार रखने वाले युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। इसी उद्देश्य से पार्टी युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को जनहित के कार्यों में शामिल करने के लिए यह विशेष अभियान चला रही है।

No comments:
Post a Comment