मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने कांग्रेस ने किया भजन-कीर्तन, अमर्यादित टिप्पणी पर जताया विरोध - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, June 3, 2026

मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने कांग्रेस ने किया भजन-कीर्तन, अमर्यादित टिप्पणी पर जताया विरोध

 


जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "रघुपति राघव राजा राम" भजन-कीर्तन कर मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और अपनी नाराजगी व्यक्त की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से मर्यादित भाषा और गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा की जाती है, लेकिन हाल के दिनों में विपक्षी नेताओं के प्रति जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, वह लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जीतू पटवारी के संबंध में की गई टिप्पणी राजनीतिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से अपनी भाषा एवं व्यवहार में संयम बरतने की अपील की। साथ ही भजन-कीर्तन के माध्यम से ईश्वर से प्रार्थना की गई कि मुख्यमंत्री प्रदेश के वास्तविक मुद्दों जैसे महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर ध्यान केंद्रित करें।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार राजनीतिक संवाद का स्तर गिराया जा रहा है, जबकि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और सभ्य राजनीतिक संवाद में विश्वास रखती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने तथा राजनीतिक मर्यादाओं का पालन करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग जारी रहा तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, प्रशांत मिश्रा, इंदिरा पाठक तिवारी, रितेश गुप्ता बंटी, संजू ठाकुर, वकील अंसारी, गुड्डू नवी, मनीष चंसोरिया, आरिफ बेग, राजेश यादव, निर्मल चंद जैन एवं पवन कनोजिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment