जबलपुर। माढ़ोताल क्षेत्र की एक भूमि को लेकर कथित फर्जीवाड़े और जालसाजी का मामला सामने आया है। स्वयं को भूमि का वैध स्वामी बताने वाले आनंद कुमार पटेल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने फर्जी उत्तराधिकार दर्शाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनकी भूमि पर अवैध अधिकार स्थापित करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
15 दिन पहले भी की थी शिकायत, कार्रवाई न होने पर फिर पहुंचे एसपी कार्यालय
शिकायतकर्ता आनंद कुमार पटेल का कहना है कि इसी मामले को लेकर लगभग 15 दिन पूर्व भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें दोबारा जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
2017 में खरीदी थी भूमि, स्वयं को बताया वैध मालिक
आनंद पटेल के अनुसार उन्होंने मौजा माढ़ोताल स्थित खसरा क्रमांक 152/1 के ले-आउट प्लॉट क्रमांक 504, रकबा 1500 वर्गफुट भूमि को वर्ष 2017 में स्वर्गीय तुलसीराम चौरसिया के वास्तविक उत्तराधिकारियों से पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदा था। उनका दावा है कि वर्तमान में भी उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है और वे उसके वैध स्वामी हैं।
फर्जी उत्तराधिकार दिखाकर दस्तावेज तैयार करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष ने एक महिला को स्वर्गीय तुलसीराम चौरसिया की पुत्री और उत्तराधिकारी बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए। शिकायतकर्ता का दावा है कि संबंधित महिला का स्वर्गीय तुलसीराम चौरसिया से कोई वैधानिक संबंध नहीं है, इसके बावजूद उसे उत्तराधिकारी दर्शाकर संपत्ति पर दावा किया गया।
राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर और अवैध विक्रय की आशंका
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का प्रयास किया गया और उन्हीं दस्तावेजों का उपयोग कर भूमि का विक्रय भी किया गया। उनका कहना है कि वास्तविक उत्तराधिकारियों द्वारा उक्त भूमि वर्ष 2017 में ही उन्हें विधिवत विक्रय की जा चुकी थी।
धोखाधड़ी, जालसाजी और षड्यंत्र के लगाए आरोप
आनंद पटेल ने आरोप लगाया कि पूरी कार्रवाई सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य उनकी वैध संपत्ति पर अवैध कब्जा करना और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र जैसी धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
एसपी बोले- जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।

No comments:
Post a Comment