42 किलो मादक पदार्थ के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार, 2 महिलाएं भी शामिल - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

42 किलो मादक पदार्थ के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार, 2 महिलाएं भी शामिल

 


क्राइम ब्रांच और चार थानों की संयुक्त कार्रवाई से ड्रग तस्करी नेटवर्क का खुलासा

जबलपुर। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में 11 किलो 237 ग्राम गांजा, 30 किलो 631 ग्राम डोडा चूरा, 50 हजार रुपये नकद, एक ट्रक, एक कार, एक स्कूटी और 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 7.61 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, तिलवारा, भेड़ाघाट, कटंगी और माढ़ोताल पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

तिलवारा थाना : बस स्टैंड के पास 6 किलो से अधिक गांजा जब्त

तिलवारा पुलिस को होटल ऑर्बिट के पास यात्री प्रतीक्षालय में दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी ललित कहार को पकड़ लिया गया जबकि उसका साथी सुमित पटैल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान ललित के बैग से 6 किलो 178 ग्राम गांजा बरामद किया गया जिसकी कीमत लगभग 3.08 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में सामने आया कि गांजा उड़ीसा से लाकर जबलपुर में फुटकर बिक्री के लिए रखा गया था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

तिलवारा-क्राइम ब्रांच की दूसरी कार्रवाई : युवक-युवती स्कूटी पर ले जा रहे थे गांजा

आईसीएमआर के पास नर्मदा पान सेंटर के सामने पुलिस ने एक युवक और युवती को स्कूटी सहित पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान सचिन सोनी और मानसी निषाद निवासी कटनी के रूप में हुई।

सचिन के बैग से 5 किलो 59 ग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब 2.53 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा और स्कूटी जब्त कर ली गई।

कटंगी थाना : ट्रक में छिपाकर लाई जा रही थी डोडा चूरा की बड़ी खेप

कटंगी पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। ट्रक के केबिन में छिपाकर रखे गए 73 पैकेटों से 18 किलो 130 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया।

मामले में ट्रक चालक पंकज साहू, हेल्पर उदयचंद काछी, तथा उनके साथ मौजूद अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच में डबरा निवासी अजय रावत और जबलपुर के सोनू शर्मा एवं सोनी ठाकुर के नाम सामने आए। पुलिस ने ट्रक समेत पूरा माल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

भेड़ाघाट थाना : महिला तस्कर के घर से मिला डोडा चूरा

कटंगी प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस आरोपी सोनी ठाकुर के घर पहुंची। तलाशी के दौरान उसके घर से 5 किलो 870 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया।

पूछताछ में महिला आरोपी ने स्वीकार किया कि यह माल मझौली के पंकज साहू और उदयचंद काछी द्वारा पहुंचाया गया था। पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

माढ़ोताल थाना : घर और कार से बरामद हुआ डोडा चूरा, 50 हजार नकद जब्त

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शारदा नगर निवासी रंजीत कुमार शर्मा उर्फ सोनू अपने घर और कार में डोडा चूरा रखकर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर उसके घर और वाहन की तलाशी ली।

कार्रवाई में 6 किलो 628 ग्राम डोडा चूरा, बिक्री की रकम 50 हजार रुपये, 8 मोबाइल फोन और एक आई-20 कार जब्त की गई। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि डोडा चूरा डबरा निवासी अजय रावत द्वारा ट्रक के माध्यम से मंगवाया गया था और उसका बड़ा हिस्सा पहले ही बेच दिया गया था।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गांजा और डोडा चूरा की सप्लाई मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में कर रहा था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

क्राइम ब्रांच की रही अहम भूमिका

इस पूरे अभियान में क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, एएसआई नरेश पासी, अनिल पांडे, प्रधान आरक्षक अखिलेश पांडे, राजेश पांडे, आरक्षक रंजीत यादव, राजेश मिश्रा, गोविंद राय, प्रदीप टेकाम, महिला आरक्षक दीप्ति मिश्रा, नीलम तिवारी तथा साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


No comments:

Post a Comment