जबलपुर | पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आज मदनमहल थाने का वार्षिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाने के रिकॉर्ड से लेकर शस्त्रों के रखरखाव तक की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के समय नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव और थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मालखाना और रिकॉर्ड की हुई बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मालखाने में रखे जप्ती माल, आर्म्स एम्यूनेशन और राइट ड्रिल सामग्री के रखरखाव को देखा। उन्होंने हवालात की स्थिति जांची और थाने में संधारित होने वाले विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी केस डायरी और शिकायत रजिस्टर पूरी तरह अपडेट होने चाहिए।
साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसपी ने थाने की साइबर हेल्प डेस्क का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने बढ़ते डिजिटल अपराधों पर चिंता जताते हुए निर्देश दिए कि साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया संबंधी शिकायतों और मोबाइल गुमने के मामलों में पुलिस को तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि पीड़ित को जल्द राहत मिल सके।
लंबित मामलों और जनसुनवाई पर जोर
अपराधों की समीक्षा करते हुए उपाध्याय ने विवेचना में लंबित पड़े प्रकरणों के जल्द निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सी.एम. हेल्पलाइन और जनसुनवाई के माध्यम से आने वाली शिकायतों का निराकरण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि संतुष्टिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।
संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा प्राथमिकता
पुलिस बल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति पुलिस को अधिक संवेदनशील रहने की आवश्यकता है। इन वर्गों की शिकायतों पर तत्काल विधिसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्मचारियों की समस्याओं का होगा समाधान
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाने के अधिकारी और कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी को व्यक्तिगत या विभागीय समस्या है, तो वे सीधे उन्हें सूचित करें। इन समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। थाने के अंदरूनी निरीक्षण के बाद उन्होंने परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा का भी मुआयना किया।

No comments:
Post a Comment