अवैध शराब और अंडा-आमलेट ठेलों से बिगड़ रहा माहौल
जबलपुर के परियट क्षेत्र में इन दिनों डेयरी संचालक भारी परेशानी और भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अंडा-आमलेट ठेलों पर खुलेआम शराबखोरी होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। स्थानीय डेयरी संचालकों का आरोप है कि रात होते ही शराब पीकर उपद्रव मचाने वाले असामाजिक तत्व इलाके में आतंक फैलाते हैं।
सीसीटीवी तक तोड़ डाले, पुलिस को फुटेज देने के बाद भी कार्रवाई नहीं
डेयरी संचालकों ने बताया कि उपद्रवी तत्वों ने डेयरियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तक नहीं छोड़े। कई कैमरों को तोड़ दिया गया, जिसकी पूरी घटना कैमरों में कैद हुई। संचालकों का कहना है कि उन्होंने फुटेज सहित शिकायत थाना प्रभारी अधारताल और सीएसपी अधारताल को करीब दो माह पहले सौंप दी थी, लेकिन अब तक आरोपियों पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
“हर रात डर के साये में गुजरती है जिंदगी”
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराबियों के हंगामे से सिर्फ डेयरी संचालक ही नहीं बल्कि आसपास रहने वाले परिवार और रात में निकलने वाले राहगीर भी खौफ में रहते हैं। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और उत्पात की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है।
“ना गश्त, ना सख्ती… पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल”
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि परियट इलाके में पुलिस की मौजूदगी लगभग नाम मात्र की है। ना तो नियमित गश्त दिखाई देती है और ना ही अवैध शराबखोरी पर कोई सख्ती। शिकायतों के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में भारी आक्रोश है।
सीएसपी अधारताल ने नहीं उठाया फोन
मामले में पक्ष जानने के लिए सीएसपी अधारताल को कई बार फोन लगाए गए, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। जिसके चलते पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

No comments:
Post a Comment