जबलपुर
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों (लूट, चोरी, नकबजनी) पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रांझी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के भारी मात्रा में जेवरात, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी और औजार बरामद किए हैं।
रक्षा नगर में हुई थी लाखों की चोरी
शिकायतकर्ता सुमित कुमार गुप्ता (32 वर्ष), निवासी रक्षा नगर कॉलोनी, रांझी ने थाना रांझी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 6 मई 2026 को सिवनी छपारा गए हुए थे। जब वह वापस लौटे, तो देखा कि अज्ञात चोरों ने छत के टावर और अलमारी का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चैन, झुमकी और चांदी की पायल, करधन समेत नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने इस शिकायत पर अपराध क्रमांक 330/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से दबोचा गया आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक (रांझी) सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में रांझी थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। फुटेज के आधार पर संदेही को चिन्हित किया गया। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने हनुमानताल थाना क्षेत्र के सिंधी कैंप निवासी आदित्य यादव उर्फ गुंडी (24 वर्ष) को हिरासत में लिया।
खंडहर में छिपा रखे थे जेवरात
पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ में आरोपी आदित्य यादव ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बगिया टोला स्थित एक टूटे हुए खंडहर से चोरी का सारा मशरूका बरामद कर लिया।
बरामद सामान की सूची:
- सोने के आभूषण: 1 जोड़ी झुमकी, 1 जोड़ी कान की बाली, 1 हार, 1 चैन, 2 मंगलसूत्र, 1 नथ, 1 अंगूठी।
- चांदी के आभूषण: 4 जोड़ी पायल, 1 करधन, 1 चैन, 10 नग बिछिया, 1 कटोरी, 1 छोटी चम्मच।
- अन्य सामान: घटना में प्रयुक्त 1 पेचकस, 1 लोहे की रॉड और बिना नंबर की प्लेजर स्कूटी।
नशे की लत के लिए करता है चोरी, दर्ज हैं 15 मामले
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी आदित्य यादव उर्फ गुंडी बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में 15 अपराध दर्ज हैं। आरोपी अपनी नशे की लत और शौक को पूरा करने के लिए इस तरह की चोरी व नकबजनी की वारदातों को अंजाम देता था।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
शातिर अपराधी को दबोचने और शत-प्रतिशत माल बरामद करने में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक आभा दुबे, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, चंद्रभान सिंह, आरक्षक अभिषेक मिश्रा और मनीष पटेल की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment