प्रथम टुडे
जबलपुर। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, 170 जिंदा कारतूस और एक कार जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 को क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटनी की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा सेंट्रो (क्रमांक एमपी-20-सीके-6302) में दो युवक भारी मात्रा में हथियार व कारतूस लेकर आ रहे हैं।
सूचना पर क्राइम ब्रांच और थाना गोसलपुर की टीम ने मोहतरा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में बरामद हुआ अवैध जखीरा
वाहन में सवार युवकों ने अपने नाम
विशाल पांडे उर्फ दरोगा (25), निवासी पटेल नगर, महाराजपुर, थाना अधारताल
आदर्श बेन (22), निवासी टी.आई. बंगला के पास, सुहागी, थाना अधारताल
बताए।
तलाशी के दौरान विशाल पांडे की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। कार के डैशबोर्ड से 160 नग .32 बोर के जिंदा कारतूस तथा आदर्श बेन के पास से 10 नग .315 बोर के जिंदा कारतूस मिले। कुल 170 कारतूस जब्त किए गए।
उत्तर प्रदेश से खरीदे कारतूस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कारतूस उत्तर प्रदेश के अतर्रा, जिला बांदा क्षेत्र से खरीदे गए थे। पुलिस इस संबंध में अंतरराज्यीय कड़ी की भी जांच कर रही है।
संगठित अपराध की भी धारा
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना गोसलपुर में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में संगठित अपराध के तत्व पाए जाने पर धारा 111 बीएनएस के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशाल पांडे के खिलाफ अधारताल, पनागर एवं अन्य थानों में पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, एसडीओपी सिहोरा और उप पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त टीम में क्राइम ब्रांच, गोसलपुर थाना एवं साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment