रांझी थाना क्षेत्र में 13 लाख की नकबजनी का खुलासा - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, February 27, 2026

रांझी थाना क्षेत्र में 13 लाख की नकबजनी का खुलासा

 क्राइम ब्रांच–पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

  • प्रथम टुडे 

जबलपुर। शहर के शोभापुर स्थित ग्रीन कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की नकबजनी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई को रांझी थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू एवं उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

क्या था मामला?

थाना रांझी में 10 जनवरी 2026 को 72 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी मार्टिन खाखा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके सूने मकान से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। परिवार के सदस्य छत्तीसगढ़ स्थित पैतृक गांव गए हुए थे। 8 जनवरी को लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दो आरोपियों —

सुरेश चौधरी उर्फ सुर्रू (35) निवासी बाबा टोला ठक्कर ग्राम

जय चौधरी (25) निवासी सिंधी कैंप बड़ी मदार टेकरी

को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने 6 जनवरी की रात घर के पीछे से बाउंड्री कूदकर पेंचकस से ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

क्या-क्या हुआ बरामद?

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किए:

सोने की 4 चूड़ियां, 2 नेकलेस, 5 अंगूठियां

2 कंगन, 5 जोड़ी कान के टॉप्स

2 चैन, 1 मंगलसूत्र, 1 क्रॉस

चांदी की 2 जोड़ी पायल, 3 जोड़ी बिछिया, 1 कटोरी

कुल मिलाकर लगभग 8 तोला सोना और आधा किलो चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।

अपराधियों के खिलाफ पहले भी दर्ज है मामले

पुलिस के अनुसार सुरेश चौधरी के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, नकबजनी, जुआ एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित 16 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं जय चौधरी के खिलाफ 4 मामले पंजीबद्ध हैं।

लगातार सख्ती से अपराध पर लगाम

रांझी थाना क्षेत्र में हाल के महीनों में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस द्वारा सक्रिय गश्त, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और जेल से छूटे अपराधियों की निगरानी के कारण अपराधियों में हड़कंप की स्थिति है।

थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की इस कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment