5 किलो गांजा और 2 मोबाइल के साथ दोनों गिरफ्तार
प्रथम टुडे जबलपुर।
सिविल लाइन पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में चल रहे गांजा कारोबार का भांडा फोड़ दिया। दो तस्कर इतने शातिर निकले कि उन्होंने गांजा को पेट पर टेप से चिपकाकर छिपा रखा था, लेकिन पुलिस की नज़र से नहीं बच पाए।
रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से कुल 5 किलो गांजा (कीमत लगभग 1 लाख रुपए) और 2 कीपैड मोबाइल बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में की गई।
फिल्मी स्टाइल में छिपाया था गांजा
थाना प्रभारी अनूप कुमार नामदेव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जब टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर दबिश दी, तो दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर पकड़े गए दोनों ने अपने नाम रामदयाल कुम्हार (55 वर्ष) निवासी गाड़ाघाट थाना पाटन और लल्लन यादव (32 वर्ष) निवासी राजा प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताए।
तलाशी में रामदयाल के पेट पर कपड़ों के अंदर क्रीम रंग के टेप से चिपकाकर गांजा छिपाया गया था, जबकि थैले से भी पैक किया गया गांजा मिला। लल्लन यादव के पास से भी दो पैकेट गांजा, मोबाइल और ट्रेन टिकटें बरामद हुईं। कुल मिलाकर दोनों के पास से 5 किलो गांजा और 2 मोबाइल जप्त किए गए।

No comments:
Post a Comment