चाय-नाश्ते की दुकान पर भी गुंडा टैक्स का आतंक! हिस्ट्रीशीटर मूसा एक लाख की वसूली मांगते पकड़ा गया - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath

Breaking

Sunday, November 15, 2026

चाय-नाश्ते की दुकान पर भी गुंडा टैक्स का आतंक! हिस्ट्रीशीटर मूसा एक लाख की वसूली मांगते पकड़ा गया


21 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम, दुकानदार से मुफ्त में सामान लेने के साथ बेटे के साथ भी की मारपीट; ओमती पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया


जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक उदाहरण ओमती थाना क्षेत्र के नया मोहल्ला में सामने आया है। यहां चाय-नाश्ते की छोटी सी दुकान चलाने वाले 64 वर्षीय दुकानदार से कथित तौर पर एक लाख रुपये का गुंडा टैक्स मांगा गया। रकम नहीं देने पर न केवल दुकानदार के साथ मारपीट की गई, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे को भी निशाना बनाया गया। मामले में पुलिस ने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर माजिद खान उर्फ मूसा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

10-15 दिनों से मुफ्त में ले रहा था सामान, अब मांगे एक लाख रुपये

पुलिस के अनुसार नया मोहल्ला निवासी महफूज रहमान (64) हुसैन चौक पर चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ले का रहने वाला माजिद खान उर्फ मूसा पिछले करीब 10 से 15 दिनों से उनकी दुकान पर आकर बिना पैसे दिए सामान ले जाता था। इतना ही नहीं, दुकान संचालित करने के एवज में उसने एक लाख रुपये की मांग भी शुरू कर दी थी। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

सुबह साढ़े छह बजे दुकान में पहुंचकर की मारपीट

फरियादी के मुताबिक 15 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे माजिद मूसा दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए एक लाख रुपये की मांग करने लगा। जब दुकानदार ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और दुकान बंद करा दी। पिता के साथ मारपीट होते देख बेटा जुनैद खान बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और मौके से भाग निकला।

21 आपराधिक मामलों का आरोपी है मूसा

इस मामले में गिरफ्तार माजिद खान उर्फ मूसा पुलिस के मुताबिक ओमती थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अवैध वसूली, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने, जुआ खिलाने, घर में घुसकर मारपीट करने, जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने तथा गांजे के अवैध कारोबार जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम, आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तलाश कर आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध थाना ओमती में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 308(5), 296(ए), 351(2) एवं 119(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

हिस्ट्रीशीटर आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक कुंजबिहारी, प्रधान आरक्षक राम सिंह परते, देवेन्द्र उपाध्याय, संतोष, रिम बहादुर तथा आरक्षक सुजीत एवं अनुराग की सराहनीय भूमिका रही।

No comments: