सर्किट हाउस में होगी अहम मुलाकात, होटल शॉन एलिजे में महाधिवक्ता कार्यालय की ओर से आयोजित होगा सुरुचिपूर्ण भोज; प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं पर विशेष नजर
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री शाम को जबलपुर पहुंचेंगे और सर्किट हाउस नंबर-1 में मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों संवैधानिक पदों पर आसीन प्रमुखों की मुलाकात को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले मुख्य सचिव की मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव पहले ही जबलपुर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मुख्य सचिव की मुख्य न्यायाधीश से उनके निवास पर मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री का महाधिवक्ता की ओर से स्वागत किया जाएगा और सर्किट हाउस में मुख्य न्यायाधीश के साथ उनकी मुलाकात होगी।
इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश के एक ही काफिले के साथ होटल शॉन एलिजे पहुंचने की भी चर्चा है। पूरे कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
रात 8:30 बजे होटल में होगा रात्रिभोज
मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश की मुलाकात के बाद महाधिवक्ता कार्यालय की ओर से विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम रात 8:30 बजे होटल शॉन एलिजे में प्रस्तावित है।
इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इस भोज की मेजबानी महाधिवक्ता कार्यालय द्वारा की जा रही है।
बैठने की व्यवस्था से लेकर स्वागत तक प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान
इस पूरे आयोजन में सबसे महत्वपूर्ण पहलू संवैधानिक पदों की गरिमा और प्रोटोकॉल का है। मुख्यमंत्री प्रदेश की कार्यपालिका के प्रमुख हैं, वहीं मुख्य न्यायाधीश न्यायपालिका का नेतृत्व करते हैं। ऐसे में दोनों के बीच होने वाली मुलाकात और रात्रिभोज के दौरान सम्मान, गरिमा और औपचारिक शिष्टाचार का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बैठने की व्यवस्था, कुर्सियों की समानता, स्वागत-सत्कार और अन्य औपचारिकताओं को लेकर भी विशेष सावधानी बरती जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों की नजर कार्यक्रम के प्रत्येक पहलू पर बनी हुई है।
कई शहरों के दौरे के बाद जबलपुर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार का दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। उनके कार्यक्रम में उज्जैन, इंदौर, जबलपुर और नरसिंहपुर का प्रवास शामिल है। दोपहर में जबलपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डिंडोरी के बलराम कृषि महोत्सव में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इसके बाद उनका नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव जाने का कार्यक्रम है।
शाम को मुख्यमंत्री वापस जबलपुर पहुंचेंगे, जहां सर्किट हाउस में मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात और रात्रिभोज का कार्यक्रम निर्धारित है।
फिलहाल इस मुलाकात को लेकर शहर के प्रशासनिक और न्यायिक गलियारों में तैयारियों की चर्चा है। प्रदेश की दो महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं के प्रमुखों की एक साथ मौजूदगी के चलते यह आयोजन खास महत्व रखता है।

No comments:
Post a Comment