कोतवाली संभाग में बढ़ते अपराधों पर युवक कांग्रेस का हल्लाबोल - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, October 5, 2026

कोतवाली संभाग में बढ़ते अपराधों पर युवक कांग्रेस का हल्लाबोल

 

चेरीताल से निकला सैकड़ों कार्यकर्ताओं का मार्च, कोतवाली थाने का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

यश घनघोरिया बोले—अपराध नहीं रुके तो थाने के अंदर बैठकर करेंगे धरना

अभ्युदय बाजपेयी ने उठाए पुलिस चौकी के स्थानांतरण और तबादले के बाद भी उपनिरीक्षक के थाने में जमे रहने पर सवाल

जबलपुर। कोतवाली थाना संभाग के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर सोमवार को युवक कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने चेरीताल स्थित हरदौल मंदिर से मार्च निकालकर कोतवाली थाने का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ती चाकूबाजी, मोबाइल एवं चेन स्नेचिंग, जुआ-सट्टा तथा अवैध शराब बिक्री सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

मार्च शुरू होने से पहले हरदौल मंदिर परिसर में युवक कांग्रेस नेता अभ्युदय बाजपेयी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कोतवाली थाने की ओर रवाना हुए।

अपराध बढ़े तो थाने के अंदर बैठकर देंगे धरना—यश घनघोरिया

कोतवाली थाने के घेराव के दौरान युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि कोतवाली थाना संभाग में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चेन स्नेचिंग, मोबाइल स्नेचिंग, जुआ-सट्टा और अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसके साथ ही चाकूबाजी की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जल्द ही इन अपराधों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो युवक कांग्रेस थाने के अंदर बैठकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

चौकी शिफ्ट होने के बाद कॉलोनियों में बढ़े अपराध—अभ्युदय बाजपेयी

युवक कांग्रेस नेता अभ्युदय बाजपेयी ने आरोप लगाया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में अपराधों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने जुआ-सट्टा के साथ धार्मिक पर्वों के दौरान गलियों एवं कॉलोनियों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि पहले कोतवाली की पुलिस चौकी उखरी क्षेत्र में थी, जिसे बाद में चेरीताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उनके अनुसार इसके बाद आसपास की कॉलोनियों में अपराध बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि रात के समय बाहर निकलने वाले लोगों से मोबाइल छीने जाने तथा चाकूबाजी की घटनाएं भी आम हो गई हैं।

तबादले के बाद भी उपनिरीक्षक के कोतवाली में जमे रहने पर सवाल

अभ्युदय बाजपेयी ने कोतवाली थाने में पदस्थ एक उपनिरीक्षक को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित उपनिरीक्षक का तबादला दूसरे थाने में हो चुका है, इसके बावजूद वह अभी तक कोतवाली थाने में ही जमे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज कराने या शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ भी उनके द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है।

बाजपेयी ने सवाल उठाया कि जब संबंधित पुलिस अधिकारी का तबादला दूसरे थाने में हो चुका है तो आखिर किसके संरक्षण में वह अभी तक कोतवाली थाने में मौजूद हैं।

पुलिस-अपराधियों की मिलीभगत का आरोप

युवा कांग्रेस नेता भानु यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में हो रहे अपराधों के पीछे पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत की स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने के बजाय अवैध वसूली में लगी हुई है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कोतवाली थाने के घेराव के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश यादव, शैलेंद्र सिंह, अनुराग गढ़वाल, मुकेश राठौर, कमलेश यादव, अतुल बाजपेयी, बृज यादव, नलिन श्रीवास्तव, वीरू यादव, टीकाराम कोस्टा, सुशांत सिंह, मनोज नामदेव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं नगर निगम पार्षद दल के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अतुल बाजपेयी, अयोध्या तिवारी, संतोष पंडा और हर्षित यादव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी प्रदर्शन में सहभागिता की। प्रदर्शन के अंत में युवक कांग्रेस नेताओं ने अपनी विभिन्न मांगों एवं क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

No comments: