लूट के आरोपी का निकाला जुलूस, माढ़ोताल पुलिस ने दिखाया कानून का शिकंजा - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, September 22, 2026

लूट के आरोपी का निकाला जुलूस, माढ़ोताल पुलिस ने दिखाया कानून का शिकंजा

 

आम नागरिक से मारपीट कर अंगूठी और नकदी लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ₹70 हजार की डायमंड जड़ित अंगूठी बरामद



जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में आम नागरिक से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लूट की यह वारदात 26 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे कालीमाता मंदिर के पास हुई थी। फरियादी प्रदीप कुमार नेमा, निवासी घड़ी चौक विजय नगर, चुंगी नाका से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें रोककर कॉलर पकड़ा और थप्पड़ों से मारपीट की।

आरोपियों में से एक ने फरियादी के हाथ से सोने की अंगूठी निकाल ली, जबकि जेब में रखे करीब 400 रुपये भी छीन लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर माढ़ोताल थाने में अपराध क्रमांक 777/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपियों की पहचान

पुलिस ने घटना के बाद तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में सामने आए हुलिए के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने नंदू उर्फ शिव कुमार पिता मोहन नायक, उम्र 30 वर्ष, निवासी राजीव गांधी नगर गली नंबर-2 माढ़ोताल को 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में नंदू ने लूटी गई अंगूठी अपने साथी संजू केवट के पास होना बताया। इसके बाद संजू केवट पिता कमलेश केवट, उम्र 22 वर्ष, निवासी राशन दुकान के पास साहू के मकान में, करमेता के पास को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

₹70 हजार की अंगूठी बरामद

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-1 डॉ. आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल संभाग भगत सिंह गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार, उपनिरीक्षक विश्वेश्वर वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक सचिन मेहरा, विनय सिंह, राहुल सिंह, निकेश सिंह, कुनाल यादव एवं बलराम वरकड़े की सराहनीय भूमिका रही।

No comments: