चांदी के गणेश विग्रह के दर्शन और मन्नत के लिए लगातार पहुंच रहे श्रद्धालु, महाभंडारे में उमड़ा जनसैलब
जबलपुर। ग्वारीघाट स्थित ललपुर रोड के प्रसिद्ध रजत गणेश मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मंदिर में स्थापित चांदी से निर्मित गणेश प्रतिमा के दर्शन और मन्नत मांगने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, यहां स्थापित करीब 40 किलो वजनी चांदी के गणेश विग्रह को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। प्रबंधन का कहना है कि मत्स्य पुराण में चांदी से निर्मित गणेश विग्रह की धार्मिक महत्ता का उल्लेख मिलता है और श्रद्धालु इसी आस्था के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश से अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते हैं।
भगवा वस्त्रों में किया गया विशेष श्रृंगार
सोमवार को मंदिर में भगवान श्री गणेश का विशेष श्रृंगार किया गया। भगवान को भगवा वस्त्र धारण कराए गए, जिसके बाद मंदिर का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश के दर्शन किए।
मंदिर के महंत श्री प्रमोद महाराज ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से मंदिर में लगातार भीड़ बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रात्रि 2 बजे तक मंदिर के कपाट खुले रखे जाएंगे, ताकि भक्त दर्शन एवं मन्नत के लिए मंदिर पहुंच सकें।
शास्त्रों में चांदी के विग्रह की विशेष मान्यता: डॉ. रवि राय
मंदिर के संयोजक डॉ. रवि राय ने कहा कि शास्त्रों में चांदी से निर्मित विग्रह की विशेष धार्मिक मान्यता बताई गई है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु रजत गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश चौहान ने किया। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। इनमें महेश दिवाकर, लक्ष्मी तिवारी, रूपनारायण शर्मा, खुशीराम खटवानी, पूनम ठाकुर एवं श्रीमती आशा खोसला सहित अन्य लोग शामिल रहे।
महाभंडारे में उमड़ा जनसैलाब
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में देर तक भक्तों की आवाजाही बनी रही और पूरा क्षेत्र धार्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।

No comments:
Post a Comment