अवैध हथियारों के खिलाफ लॉर्डगंज पुलिस का शिकंजा - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, August 10, 2026

अवैध हथियारों के खिलाफ लॉर्डगंज पुलिस का शिकंजा

 

तीन देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, हथियार सप्लायर का नाम भी आया सामने


जबलपुर। शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वाले युवकों और अवैध फायर आर्म्स की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ लॉर्डगंज पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस द्वारा ऐसे युवकों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है, जिनके पास अवैध रूप से पिस्टल, कट्टा अथवा अन्य फायर आर्म्स होने की जानकारी सामने आ रही है। इसी अभियान के तहत लॉर्डगंज पुलिस ने एक युवक को तीन देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा

पुलिस अधीक्षक जबलपुर  सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में अवैध फायर आर्म्स की खरीद-फरोख्त एवं इनके साथ घूमने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश समस्त थाना प्रभारियों को दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली संभाग  अखिलेश गौर के निर्देशन में थाना प्रभारी लॉर्डगंज नवल आर्य द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है।

इसी दौरान 9 अगस्त 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि शताब्दीपुरम स्थित जेडीए बिल्डिंग के पास एक युवक देशी पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए लॉर्डगंज पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा।

तीन पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस ने पकड़े गए युवक की पहचान प्रेमलाल उर्फ संदीप सोनी, उम्र 21 वर्ष, निवासी शांतिनगर, दमोह नाका, थाना गोहलपुर, जबलपुर के रूप में की है। तलाशी एवं पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से 03 देशी पिस्टल एवं 03 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस द्वारा हथियारों और कारतूसों के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने उक्त हथियार लकी पटेल से खरीदना बताया। आरोपी ने यह भी बताया कि पूर्व में भी वह लकी पटेल से कई बार पिस्टल एवं कारतूस खरीद चुका है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया है।

आपराधिक पृष्ठभूमि वाला लकी पटेल भी जांच के घेरे में

पुलिस के अनुसार लकी पटेल पिता राजकुमार उर्फ झल्लू पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी बीएल मैरिज गार्डन के पास, थाना लॉर्डगंज, जबलपुर की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी एनएसए की कार्रवाई की जा चुकी है और उसे केंद्रीय जेल दाखिल कराया गया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के बीच अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार कहां से आए और इनके पीछे किसी बड़े सप्लायर अथवा नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

पिछली कार्रवाइयों के बाद पुलिस ने और तेज किया अभियान

गौरतलब है कि लॉर्डगंज थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध फायर आर्म्स लेकर चलने वाले युवकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दिनों भी पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ अवैध हथियार रखने के मामले में कार्रवाई की थी। इसके बाद अब एक और युवक को तीन पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि लॉर्डगंज पुलिस क्षेत्र में अवैध हथियारों के साथ घूमने वाले युवकों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिनके कारण क्षेत्र में भय अथवा आतंक का माहौल पैदा होता है।

क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने वालों पर रहेगी नजर

पुलिस की लगातार कार्रवाई का उद्देश्य केवल अवैध हथियार बरामद करना ही नहीं, बल्कि ऐसे तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना भी है, जो हथियारों के दम पर क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने का प्रयास करते हैं। पुलिस द्वारा आने वाले दिनों में भी ऐसे युवकों और अवैध हथियारों के संभावित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही जा रही है।

पुलिस का प्रयास है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के जरिए आतंक अथवा भय का वातावरण बनाने वाले युवकों की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पुलिस की जांच और मुखबिर तंत्र के आधार पर कुछ और संदिग्धों पर कार्रवाई हो सकती है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लॉर्डगंज नवल आर्य के नेतृत्व में मनोज गोस्वामी सहायक निरीक्षक सहायक निरीक्षक राजेश वर्मा, पुष्पराज सिंह परते, आरक्षक पंकज, शुभम पटेल एवं पुलेश परस्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामला दर्ज, विवेचना जारी

लॉर्डगंज थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 589/26, धारा 25(ए), 27 आर्म्स एक्ट एवं 111(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई के स्रोत और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

No comments: