जबलपुर। हनुमानताल थाना पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से झपटा हुआ एक आईफोन, पांच मोबाइल फोन, चोरी की एक एक्सिस, दो ई-रिक्शा तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद वाहनों और मोबाइलों के संबंध में अलग-अलग थानों में दर्ज अपराधों का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में लूट, झपटमारी, नकबजनी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संपत्ति संबंधी अपराधों में पूर्व में पकड़े गए तथा जेल से रिहा हुए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार पूछताछ और पतासाजी की जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
19 अगस्त 2026 को हनुमानताल पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि समीर उर्फ कंजा और अविनाश चौधरी मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान के अंदर बजूखाना के पास खड़े हैं और उनके पास कई मोबाइल फोन हैं, जो चोरी के होने की संभावना है।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान समीर उर्फ कंजा पिता मुकीम खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी दरगाह के पास टेढ़ी नीम, बाबा टोला, हनुमानताल तथा अविनाश चौधरी पिता गेंदालाल चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी फकीर चंद अखाड़ा के पास, विंध्यवासिनी मंदिर के सामने, सिंधी कैंप, हनुमानताल के रूप में हुई।
मोबाइल और चोरी के वाहनों का खुलासा
तलाशी लेने पर समीर के पास से एक आईफोन, एक वीवो और एक जिओनी कंपनी का मोबाइल मिला। पूछताछ में उसने अविनाश के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से घूमकर मोबाइल झपटने की वारदातें करना स्वीकार किया।
वहीं अविनाश के कब्जे वाली एक्सिस की डिक्की से रेडमी, सैमसंग और वीवो कंपनी के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने समीर के साथ मिलकर घोड़ानक्कास के पास से उक्त एक्सिस चोरी करना तथा घमापुर और कृषि उपज मंडी क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्वारीघाट एवं विजय नगर क्षेत्र से दो ई-रिक्शा चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों ई-रिक्शा भी बरामद कर लिए गए।
कुल यह मशरूका हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की चोरी की एक्सिस, झपटा हुआ एक आईफोन, पांच मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 ZS 2736 तथा चोरी के दो ई-रिक्शा क्रमांक MP 20 ZS 2657 एवं MP 20 ZU 2115 बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध हनुमानताल, घमापुर, ग्वारीघाट एवं विजय नगर थाना क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज पाए गए हैं। दोनों आरोपियों को संबंधित प्रकरणों में गिरफ्तार कर शेष मोबाइलों के संबंध में पूछताछ एवं पतासाजी की जा रही है।
कई अपराधों में शामिल रहा है समीर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी समीर उर्फ कंजा आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके विरुद्ध मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ, चोरी सहित करीब 14 अपराध पूर्व से पंजीबद्ध हैं।
दर्ज प्रकरण
थाना हनुमानताल इस्तगासा क्रमांक 06/2026, धारा 35(1) बीएनएसएस/304(2), 303(2) बीएनएस।
थाना हनुमानताल अपराध क्रमांक 746/2025, धारा 303(2) बीएनएस।
थाना घमापुर अपराध क्रमांक 561/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस।
थाना ग्वारीघाट अपराध क्रमांक 345/2026, धारा 303(2) बीएनएस।
थाना विजय नगर अपराध क्रमांक 347/2026, धारा 303(2) बीएनएस।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली एवं विनीत श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment