खितौला ईएसएएफ बैंक डकैती के पांचवें मुख्य आरोपी तक पहुंची जबलपुर पुलिस, सोना खरीदने वाला भी गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath

Breaking

Friday, July 17, 2026

खितौला ईएसएएफ बैंक डकैती के पांचवें मुख्य आरोपी तक पहुंची जबलपुर पुलिस, सोना खरीदने वाला भी गिरफ्तार




जबलपुर। करीब एक वर्ष से पुलिस के लिए चुनौती बने खितौला स्थित ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक डकैती कांड में जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और थाना खितौला की संयुक्त टीम ने बिहार के गया जिले से चार राज्यों में वांछित बैंक डकैत सुनील पासवान और उससे लूट का सोना खरीदने वाले चंचल पासवान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर बैंक डकैती से लूटा गया 750 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है, बरामद किया गया है।

11 अगस्त 2025 को हुई थी करोड़ों की बैंक डकैती

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2025 को थाना खितौला क्षेत्र स्थित ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लगभग 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवर तथा करीब 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने इसे अपनी प्राथमिकता में शामिल कर विशेष जांच शुरू की थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बनी विशेष जांच टीम

घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई थी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिधारिया, डीएसपी क्राइम उदयमान बागरी तथा डीएसपी साइबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष जांच दल गठित किया गया।

बिहार में एसटीएफ की मदद से दबिश, किराये के मकान से दबोचा गया आरोपी

मुख्य आरोपी सुनील पासवान लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम को बिहार के गया जिले भेजा गया। स्थानीय मुखबिरों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी निगरानी के आधार पर सूचना मिली कि वह तिलैया गांव में किराये के मकान में रह रहा है। इसके बाद बिहार एसटीएफ के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुनील पासवान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुला बड़ा राज, 45 लाख में बेचा था लूटा गया सोना

पूछताछ के दौरान सुनील पासवान ने बैंक डकैती में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बताया कि उसके हिस्से में करीब डेढ़ किलो सोना आया था। उसने उसमें से 750 ग्राम सोना अपने परिचित चंचल पासवान को 45 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने चंचल पासवान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर 750 ग्राम सोना बरामद कर लिया गया। आरोपी ने बताया कि यह सोना सुरक्षा के लिए एक व्यक्ति के पास रखा गया था। वहीं, सुनील ने शेष 750 ग्राम सोना दो अलग-अलग सुनारों को बेचने की जानकारी भी दी है, जिसकी जांच जारी है।

चार राज्यों में दर्ज हैं लूट और डकैती के गंभीर मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुनील पासवान मध्यप्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार में बैंक लूट एवं डकैती के कई मामलों में वांछित था। उसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को जबलपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

इन पुलिस अधिकारियों और टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में डीएसपी शैलेष मिश्रा, थाना प्रभारी खितौला रमन सिंह मरकाम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, थाना खितौला और पुलिस लाइन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों तथा शेष लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

No comments: