गोहलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 वाहन चोर और 3 बैटरी चोर गिरफ्तार, 12 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, July 21, 2026

गोहलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 वाहन चोर और 3 बैटरी चोर गिरफ्तार, 12 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद

 


जबलपुर। जिले में वाहन चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गोहलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोर एवं तीन बैटरी चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दुपहिया वाहन एवं 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

अपराधियों पर कार्रवाई के दिए गए थे निर्देश

पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लूट, झपटमारी, नकबजनी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत जेल से रिहा हुए एवं पूर्व में पकड़े जा चुके संपत्ति संबंधी अपराधियों की निगरानी, पूछताछ तथा चोरी गए माल की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ (भा.पु.से.) तथा प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, वाहन चोर गिरफ्तार

गोहलपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में चोरी की स्कूटी लेकर कुछ युवक किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान मोहम्मद शादाब खान एवं फैजान खान के रूप में बताई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपने साथी शाहरुख खान उर्फ टूटी के साथ मिलकर वाहन चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 10 चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए। इनमें स्कूटी, स्प्लेंडर, पैशन प्रो, होंडा लिवो, टीवीएस अपाचे और बजाज पल्सर जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

कई थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे वाहन

जांच में सामने आया कि बरामद वाहन गोहलपुर, ग्वारीघाट, गोरखपुर, मदनमहल, अधारताल, ओमती, रांझी तथा जिला कटनी की सिलौड़ी चौकी क्षेत्र से चोरी किए गए थे। पुलिस अब अन्य मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

दोनों मुख्य आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई अपराध

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फैजान खान के खिलाफ जबलपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध शराब से जुड़े 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं शाहरुख खान उर्फ टूटी के विरुद्ध चोरी, मारपीट और अवैध हथियार सहित 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ई-रिक्शा बैटरी चोरी का भी खुलासा

इसी दौरान गोहलपुर थाना क्षेत्र में संजीवनी अस्पताल, सूजी मोहल्ला एवं चौधरी मोहल्ला (रद्दी चौकी) से हुई 10 ई-रिक्शा बैटरियों की चोरी का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले में मोहम्मद फैजल अंसारी, मोहम्मद इमरान और मोहम्मद अशफाक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 10 बैटरियां बरामद की गईं।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

वाहन चोरी के आरोपी

मोहम्मद शादाब खान (19 वर्ष), निवासी टेढ़ीनीम, थाना हनुमानताल।

फैजान खान (20 वर्ष), निवासी 16 क्वार्टर, थाना हनुमानताल।

शाहरुख खान उर्फ टूटी (28 वर्ष), निवासी मक्का नगर/टेढ़ीनीम, थाना हनुमानताल।

बैटरी चोरी के आरोपी

मोहम्मद फैजल अंसारी (20 वर्ष), निवासी गाजीनगर, थाना गोहलपुर।

मोहम्मद इमरान (18 वर्ष), निवासी आयशा नगर, थाना अधारताल।

मोहम्मद अशफाक (18 वर्ष), निवासी गुरदा, थाना अधारताल।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक अंबुज पांडे, रवि सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक देवराज बागरी, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र यादव, जितेन्द्र तिवारी, बालकृष्ण त्रिपाठी तथा आरक्षक समरेन्द्र, अभिरंजन सिंह, आलोक यादव, गोपाल राय, दिनेश दुबे, लालजी एवं वीरेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।

No comments: