राहुल-प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जबलपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, July 21, 2026

राहुल-प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जबलपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन


 
 वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा और कोतवाली टीआई मानस द्विवेदी के बीच झड़प का वीडियो आया सामने


जबलपुर। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को जबलपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मालवीय चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला एवं फोटो जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की एवं झड़प हुई। इसी बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों के बीच कॉलर पकड़ने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है, जिसके बाद मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।

कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा और पुलिस को भी स्थिति नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरतनी पड़ी। हालांकि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और प्रदर्शन पुनः शुरू कराया गया।



प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने किया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, सतीश तिवारी, गुड्डू चौबे, विक्रम सिंह ठाकुर, रूपेंद्र पटेल, योगेंद्र सिंह, जतिन राज, रिजवान अली कोठी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई कार्रवाई की कड़ी निंदा की। नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार का रवैया नहीं बदला तो आने वाले दिनों में जबलपुर में और अधिक उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि आवश्यकता पड़ने पर जबलपुर बंद जैसे बड़े आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।

No comments: