24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
जबलपुर। शहर में बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद राजनीति गरमा गई है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि गजरथ नगर, गंगानगर निवासी एक गरीब ई-रिक्शा चालक से नया बिजली कनेक्शन देने के एवज में ₹10 हजार की मांग की गई। इस संबंध में कांग्रेस ने अधीक्षण अभियंता, शहर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को लिखित शिकायत सौंपते हुए बातचीत की रिकॉर्डिंग सहित उपलब्ध साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि शिकायत के अनुसार साउथ डिवीजन पूर्व बिजली कार्यालय में पदस्थ लाइनमैन अरुण विश्वकर्मा पर रिश्वत मांगने का आरोप है। उन्होंने कहा कि यदि एक गरीब उपभोक्ता से खुलेआम पैसे की मांग की जा रही है, तो यह केवल एक कर्मचारी का मामला नहीं बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस ने मांग की है कि संबंधित कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही शिकायत के साथ प्रस्तुत ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने यह भी मांग उठाई कि विभाग स्पष्ट करे कि कहीं अन्य बिजली कार्यालयों में भी इस तरह की अवैध वसूली का नेटवर्क तो संचालित नहीं हो रहा है।
सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि बिजली कनेक्शन आम नागरिक का अधिकार है, न कि किसी कर्मचारी की निजी कमाई का माध्यम। कांग्रेस गरीब और आम उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस मिशन कंपाउंड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी।
सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक गरीब ई-रिक्शा चालक की नहीं, बल्कि उन सभी आम उपभोक्ताओं की है जो अपने वैध कार्यों के लिए बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने और कथित अवैध मांगों का सामना करने को मजबूर हैं।
इस अवसर पर संगठन महासचिव रितेश गुप्ता, प्रवक्ता प्रवेंद्र चौहान, जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनुज श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष मेवालाल पटेल, हुकुम जैन, रितेश नोतनानी, कैलाश ठाकुर, अवधेश गुप्ता, पंकज निगम, संजय जैन, विशाल सोलंकी, भरत पटेल, विक्रम सिंह, राजकुमार सोनी, जग्गू जैन, मलखान पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment