जिला अदालत के बाहर 'लव जिहाद' के आरोप पर बवाल: युवक की पिटाई, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर दोनों को थाने पहुंचाया - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Thursday, July 30, 2026

जिला अदालत के बाहर 'लव जिहाद' के आरोप पर बवाल: युवक की पिटाई, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर दोनों को थाने पहुंचाया


 : अदालत गेट नंबर-3 के सामने हंगामा, हिंदू संगठन ने युवक पर पहचान छिपाकर युवती को बहलाने का लगाया आरोप


जबलपुर। जिला अदालत परिसर के गेट नंबर-3 के सामने गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक और युवती को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। कार्यकर्ताओं ने युवक को रोककर उससे पूछताछ की और आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ओमती पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के बीच फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और युवक तथा युवती दोनों को अपने साथ थाने ले गई। इसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हुई।


हिंदू संगठन का आरोप— नाम बदलकर युवती को लाया गया

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवक का वास्तविक नाम शाहरुख है और वह जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र का रहने वाला है। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान युवक ने पहले अपना नाम सौरभ बताया, जबकि बाद में अलग-अलग नाम बताए जाने का दावा किया गया। संगठन का आरोप है कि युवक अपनी पहचान छिपाकर राजस्थान की रहने वाली युवती को बहला-फुसलाकर जबलपुर लाया और उससे शादी करने की तैयारी कर रहा था।

नाबालिग होने की भी जताई आशंका

हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि युवती नाबालिग भी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से युवती की उम्र, पहचान और सभी दस्तावेजों की गहन जांच कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने कहा— जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई

पुलिस का कहना है कि युवक और युवती दोनों से पूछताछ की जा रही है। उनकी पहचान, उम्र और दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

No comments: