क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेश मिश्रा और अधारताल टीआई विपिन ताम्रकार की संयुक्त कार्रवाई में 6 आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख का माल जब्त
जबलपुर। नशा मुक्त मध्यप्रदेश अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच के निरीक्षक शैलेश मिश्रा और अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के संयुक्त व कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी करने वाले एक बड़े संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में 6 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के 6600 नशीले इंजेक्शन, पांच मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा जब्त किया गया है।
अभियान में मुख्य भूमिका: पदभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में टीआई विपिन ताम्रकार
अधारताल थाने की कमान संभालते ही थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार इस पूरे अभियान में मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। टीआई विपिन ताम्रकार के आक्रामक रुख और कड़े नेतृत्व के चलते अधारताल पुलिस ने मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ कमर तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व से मिली बड़ी कामयाबी
इस पूरे ड्रग्स सिंडिकेट को बेनकाब करने में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक शैलेश मिश्रा की रणनीतिक कार्यप्रणाली और उनकी टीम का कुशल नेतृत्व बेहद बेमिसाल रहा। निरीक्षक शैलेश मिश्रा को मिले सटीक इनपुट और उनकी टीम की सक्रियता के कारण ही शहर के इतने बड़े नशे के जाल को एक ही दिन में काटा जा सका। क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस के आपसी तालमेल ने तस्करों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
रामलीला मैदान से शुरू हुई घेराबंदी, ऐसे खुला पूरा नेटवर्क
कार्रवाई की शुरुआत क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेश मिश्रा को मिली एक सटीक मुखबिर सूचना से हुई। सूचना थी कि रामलीला मैदान के पास एक व्यक्ति ई-रिक्शा में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर किसी ग्राहक की तलाश में है। क्राइम ब्रांच और बेलबाग पुलिस ने तत्काल संयुक्त दबिश देकर समता कॉलोनी निवासी दुर्गा पटेल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3200 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने पूरे सिंडिकेट का कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों—मोहम्मद आरिफ, अमजद खान, सैय्यद असरफ अली उर्फ जीजा तथा सौरभ नामदेव को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
अधारताल में टीआई विपिन ताम्रकार की टीम ने मारा छापा, 3400 इंजेक्शन और जब्त
इसी सिलसिले में क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला कि नशीले इंजेक्शनों की एक बड़ी खेप अधारताल क्षेत्र में भी खपाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही मुख्य भूमिका निभा रहे अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। टीआई विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिल्क स्कीम मैदान के पीछे घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी गीतांशु साहू को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 3400 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि यह माल भानतलैया क्षेत्र के किसी शातिर अपराधी द्वारा बिकवाने के लिए रखवाया गया था। क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेश मिश्रा और अधारताल टीआई विपिन ताम्रकार की संयुक्त टीमें अब इस रैकेट की आखिरी कड़ी (मुख्य सप्लायर) तक पहुँचने में जुटी हैं।
गिरफ्तार किए गए तस्कर:
- दुर्गा पटेल (समता कॉलोनी)
- मोहम्मद आरिफ
- अमजद खान
- सैय्यद असरफ अली उर्फ जीजा
- सौरभ नामदेव
- गीतांशु साहू (अधारताल)
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज: सभी 6 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) एवं मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करने में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक शैलेश मिश्रा और अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार व उनकी टीम की कार्यप्रणाली बेहद सराहनीय रही। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के कुशल निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव एवं डीएसपी अपराध उदयभान बागरी के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।

No comments:
Post a Comment