जबलपुर। शहर में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। हत्या सहित कई गंभीर अपराधों में आरोपी छोटू चौबे को बुधवार को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद गुरुवार को उसके विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच ने स्नेह नगर से किया था गिरफ्तार
पुलिस को लंबे समय से छोटू चौबे की तलाश थी। वह घमापुर थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपने साथी बाबू सिंधी के साथ मिलकर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहा था। इस मामले में बाबू सिंधी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि छोटू चौबे लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
बुधवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने, पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए, स्नेह नगर स्थित उसके किराए के मकान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक लोडेड माउजर भी बरामद की गई। छोटू चौबे पर इनाम भी घोषित था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
हत्या के बाद भी नहीं छोड़ी अपराध की दुनिया
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार छोटू चौबे पूर्व में हत्या सहित कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। हत्या के मामले में जमानत पर रिहा होने के बाद भी उसने आपराधिक गतिविधियां बंद नहीं कीं और लगातार विभिन्न अपराधों में संलिप्त रहा। उसके विरुद्ध दर्ज मामलों और उसकी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे समाज और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा माना।
एसपी के निर्देशन में एनएसए का प्रस्ताव भेजा गया
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन में मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज द्वारा छोटू चौबे के आपराधिक इतिहास और उसके विरुद्ध दर्ज मामलों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा गया। प्रस्तुत तथ्यों और अपराधों की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर के समक्ष एनएसए की कार्रवाई का प्रस्ताव रखा गया।
एनएसए के तहत जेल भेजा गया
जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव पर विचार किए जाने के बाद छोटू चौबे के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद उसे एनएसए के तहत निरुद्ध कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय अपराधियों और गैंग संचालकों को कड़ा संदेश जाएगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

No comments:
Post a Comment