घर के बाहर हो रहे हंगामे के बीच हुआ हादसा, इलाज से पहले ही तोड़ा दम
रांझी के न्यू शोभापुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक की अपनी ही लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से चली गोली लगने से मौत हो गई। घर के बाहर हो रहे हल्ले के बीच हड़बड़ाहट में ट्रिगर दबने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में भाजपा नेत्री संगीता रजक की अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से चली गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार न्यू शोभापुर निवासी भाजपा नेता बंटी रजक के घर के सामने देर रात कुछ लोगों के हल्ला-गुल्ला करने की सूचना मिली थी। शोर सुनकर बंटी रजक और उनके भाई पुष्पेंद्र रजक घर से बाहर निकलने लगे। इसी दौरान संगीता रजक ने उन्हें सुरक्षा के लिए लाइसेंसी 12 बोर बंदूक साथ ले जाने की बात कही।
बताया जा रहा है कि जैसे ही संगीता रजक बंदूक लेकर बरामदे से बाहर निकलने लगीं, हड़बड़ाहट में अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उनके पेट में जा लगी। गोली लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले भी हो चुका था विवाद
गौरतलब है कि भाजपा नेता बंटी रजक और उनके परिवार का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। 28 मई को उनके घर के बाहर बम फेंके जाने की घटना भी सामने आई थी, जिसकी जांच रांझी पुलिस कर रही है। इसी पृष्ठभूमि में देर रात घर के बाहर हुए हल्ले ने परिवार की चिंता बढ़ा दी थी।
वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ चुकी थीं संगीता
संगीता रजक भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और वार्ड पार्षद का चुनाव भी भाजपा के टिकट पर लड़ चुकी थीं। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोह्लानी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है तथा पुष्पेंद्र रजक की रिपोर्ट पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है ताकि वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
कई सवाल भी खड़े हुए
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर देर रात घर के बाहर हल्ला करने वाले लोग कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था। वहीं कुछ दिन पहले हुए विवाद और बमबाजी की घटना को देखते हुए पुलिस पुराने मामलों के पहलुओं को भी जांच के दायरे में ले सकती है।
इंट्रो (बोल्ड):

No comments:
Post a Comment