जीआरपी जबलपुर की बड़ी कार्रवाई: हमसफर एक्सप्रेस में हुई चोरी का खुलासा, लाखों के जेवरात के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, May 4, 2026

जीआरपी जबलपुर की बड़ी कार्रवाई: हमसफर एक्सप्रेस में हुई चोरी का खुलासा, लाखों के जेवरात के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार

 

जबलपुर: रेल पुलिस (GRP) जबलपुर को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 2.58 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी एक पुराना अपराधी है, जिसके खिलाफ अदालत से स्थाई वारंट भी जारी हो चुका था।

चेकिंग अभियान में पुलिस को मिली सफलता

​पुलिस अधीक्षक (रेल) जबलपुर, सिमाला प्रसाद के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी व डीएसपी अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में गर्मियों की छुट्टियों में भीड़भाड़ को देखते हुए ट्रेनों और स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान, 3 मई 2026 को जीआरपी थाना जबलपुर की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 के आउटर (इटारसी छोर) पर एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में उगला सच: हमसफर एक्सप्रेस से की थी चोरी

​शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने वाले इस संदिग्ध ने, जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की पहचान विवेक वैध (36 वर्ष), पिता सहदेव वैध, निवासी जालपा वार्ड, कटनी के रूप में हुई है। उसने स्वीकार किया कि लगभग 10-11 महीने पहले उसने ट्रेन संख्या 09066 हमसफर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक 'पिट्टू बैग' चोरी किया था। उस बैग में सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल फोन और कुछ कागजात थे। आरोपी ने बताया कि वह इन आभूषणों को बेचने के लिए जबलपुर आया था, लेकिन बिक न पाने के कारण उन्हें वापस कटनी लेकर जा रहा था।

लाखों के आभूषण बरामद

​थाने में दर्ज पुराने अपराध से मिलान करने पर घटना की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। जप्त किए गए सामान की कुल कीमत 2,58,000 रुपये है, जिसमें शामिल हैं:

  • ​एक सोने का मंगलसूत्र
  • ​एक सोने की चेन
  • ​सोने की दो बालियां
  • ​एक छोटा सोने का लॉकेट (ज्यूतिया)
  • ​एक जोड़ी चांदी की पायल

स्थाई वारंटी भी था आरोपी

​जांच में यह भी पता चला है कि विवेक वैध एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था, जिसके कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ एक स्थाई वारंट जारी किया था। पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तारी के साथ-साथ वारंट की भी तामीली की है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

इस टीम को मिलेगी शाबाशी और पुरस्कार

​इस पूरी कार्रवाई को थाना प्रभारी (SHO) संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों में प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, रामनिवास ओझा, शैलेंद्र सिंह, संतोष चौबे और आरक्षक रविकांत रजक, परशुराम यादव, गोपाल सिंह, राजा जैन व राजकुमार मेहरा शामिल थे। इसके अलावा, RPF CIB के सउनि अमित सिंह का भी इस कार्रवाई में विशेष सहयोग रहा।

​पुलिस अधीक्षक (रेल) जबलपुर ने पूरी टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारियों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

No comments:

Post a Comment