503वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा दंडवत करते हुए निकली, श्रद्धालुओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, May 31, 2026

503वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा दंडवत करते हुए निकली, श्रद्धालुओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

 पांच माह रहेगी परिक्रमा स्थगित, कार्तिक पूर्णिमा से महाकुंभ के साथ होगा पुनः शुभारंभ


जबलपुर। हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट से प्रत्येक पूर्णिमा पर आयोजित की जाने वाली नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा की 503वीं कड़ी रविवार को जेष्ठ पूर्णिमा एवं पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने सुबह 4 बजे से संकीर्तन करते हुए दंडवत परिक्रमा प्रारंभ की। भीषण गर्मी के बावजूद हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु "नर्मदे हर" के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे।
परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धा और भक्ति का ऐसा वातावरण बना कि उपस्थित लोगों को वृंदावन के गोवर्धन पर्वत तथा चित्रकूट के कामतानाथ जी की परिक्रमा जैसा अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। संकीर्तन मंडलियों के भजनों और जयघोषों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर बड़ी खेरमाई ट्रस्ट के अध्यक्ष शरद अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक उन्नति और सामाजिक जागरूकता के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है।
नर्मदा मैया एवं राधा-कृष्ण की महाआरती के साथ भोला दास उदासीन महाराज, रमाशंकर बाबा एवं सिद्धन माता जी के सानिध्य में 503वीं नर्मदा पंचकोशी दंडवत परिक्रमा संपन्न हुई। आयोजकों ने बताया कि चातुर्मास के कारण अब आगामी पांच माह तक पंचकोशी परिक्रमा स्थगित रहेगी। इस अवधि में आश्रम में प्रतीकात्मक रूप से स्वर्ण कलश की 108 परिक्रमा कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा महाकुंभ का पुनः शुभारंभ कार्तिक पूर्णिमा, 24 नवंबर को किया जाएगा। परिक्रमा का मार्ग हरे कृष्णा आश्रम से प्रारंभ होकर पंचवटी, 64 योगिनी, धुआंधार, कल्याण तपोवन, लमेटा घाट, शनि मंदिर, न्यू भेड़ाघाट एवं सरस्वती घाट से होकर पुनः आश्रम तक रहा।
यात्रा का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान स्वामी रामचंद्र दास जी महाराज के सानिध्य में बद्रीनाथ धाम से पूजित गोमती चक्र का वितरण भी श्रद्धालुओं को किया गया।
कार्यक्रम में नर्मदा महाआरती के संस्थापक एवं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा के अध्यक्ष डॉ. सुधीर अग्रवाल, संरक्षक श्रीमती सुषमा शंकर पटेल, मीना पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment