शादीशुदा व्यक्ति द्वारा युवती से शारीरिक शोषण, मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, April 8, 2026

शादीशुदा व्यक्ति द्वारा युवती से शारीरिक शोषण, मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

 

जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने शादीशुदा व्यक्ति के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर शोषण करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना घमापुर में दिनांक 07 अप्रैल 2026 को एक युवती (नाम परिवर्तित – नेहा खत्री) निवासी सिंधी धर्मशाला के पास, गोपाल होटल क्षेत्र, थाना घमापुर ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में युवती ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व वह काम की तलाश में थी, इसी दौरान आरोपी ललित कुंदनानी ने उसे अपनी रिया बेकरी में 4000 रुपये मासिक वेतन पर काम पर रखा था।

युवती के अनुसार काम के दौरान आरोपी उसके साथ गलत हरकतें करता था, जिसे उसने मजबूरीवश नजरअंदाज किया। आरोप है कि दिनांक 29 मई 2025 को आरोपी ने अपनी पत्नी के मायके जाने का बहाना बनाकर उसे घर बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने डरा-धमकाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और 02 मार्च 2026 एवं 13 मार्च 2026 को होटल दक्ष, खमरिया सोनपुर ले जाकर युवती की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। घटना से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, जिसके बाद पुलिस द्वारा समझाइश दी गई थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा लगातार शिकायत न करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद युवती ने परिवारजनों से चर्चा कर थाना घमापुर में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी ललित कुंदनानी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment