जबलपुर। राज्य शासन के निर्देशानुसार जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के अवकाश पर जाने के कारण जिले की प्रशासनिक कमान अस्थायी रूप से नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को सौंप दी गई है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बताया जा रहा है कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के अवकाश अवधि के दौरान, संभवतः 14 अप्रैल तक रामप्रकाश अहिरवार कलेक्टर के रूप में जिले का कार्यभार संभालेंगे।
अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करते ही रामप्रकाश अहि एजरवार ने जिले की प्रशासनिक गतिविधियों और आवश्यक कार्यों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी विभागीय कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अहिरवार जिले की कानून व्यवस्था पर विशेष नजर रखेंगे। इसके साथ ही राजस्व मामलों की सुनवाई, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा शासन की जनहितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।
आगामी पर्वों और महत्वपूर्ण दिवसों को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी भी अब उनके कंधों पर होगी। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और आवश्यक सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त के साथ-साथ अब रामप्रकाश अहिरवार कलेक्ट्रेट की नियमित बैठकों की अध्यक्षता भी करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी नजर रखी जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह अल्पकालीन प्रभार होने के बावजूद रामप्रकाश अहिरवार प्राथमिकता के आधार पर जरूरी फैसले लेंगे, ताकि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो और विकास कार्यों की गति बनी रहे।

No comments:
Post a Comment