साहब सब कुछ तो मैंने कर लिया, अब तो पकड़ लीजिए चोर को
जबलपुर, 07 अप्रैल 2026।
खितौला थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस की सुस्त जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस मामले में पुलिस अब तक ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई, उसी मामले में फरियादी मोहम्मद इरफान ने खुद मेहनत कर आरोपी तक का सुराग निकाल लिया।
मोहम्मद इरफान के घर 20 मार्च की रात सूने मकान में चोरी हुई थी, जिसमें 5.5 लाख रुपये नगद सहित अन्य कीमती सामान और स्कूटी पार कर दी गई थी। घटना के बाद थाना खितौला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन फरियादी का आरोप है कि पुलिस जांच में अपेक्षित तेजी नहीं दिखा सकी।
खुद की इन्वेस्टिगेशन और ढूंढ निकाला चोर
फरियादी ने हार न मानते हुए खुद CCTV फुटेज खंगाले और सुराग जोड़ने शुरू किए। इसी बीच कटनी पुलिस से सूचना मिली कि उनकी स्कूटी एक ब्रिज के नीचे लावारिस हालत में खड़ी मिली है।
इसके बाद इरफान ने अपने स्तर पर पड़ताल जारी रखी और संदिग्ध की फोटो गांव तक पहुंचाई। रीठी तहसील के सिमरा कला गांव के सरपंच ने फोटो देखकर आरोपी की पहचान ‘राजकुमार रजक’ के रूप में की और बताया कि वह पिछले 6-7 महीनों से गांव नहीं आया है।
सूत्रों के अनुसार, राजकुमार रजक कथित तौर पर आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फरियादी का दावा है कि इस वारदात में आरोपी के साथ अन्य साथी भी शामिल थे।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब फरियादी खुद आरोपी तक पहुंचने का दावा कर रहा है, तो पुलिस अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं कर पाई?
इसी नाराजगी के चलते मोहम्मद इरफान आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत देकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

No comments:
Post a Comment