पन्ना। राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद, जिला इकाई पन्ना के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर के पत्रकारों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती, पत्रकार एकता और जिम्मेदार पत्रकारिता जैसे अहम मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों को एकजुट रहना समय की आवश्यकता है। संगठन तभी मजबूत होगा, जब उसमें आपसी विश्वास बना रहेगा। यदि संगठन के भीतर विश्वासघात की स्थिति उत्पन्न होती है, तो वह संगठन को कमजोर कर देता है।
पत्रकार विवेक सिंह ने अपने संबोधन में संगठन को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि एक अच्छा संगठन वही होता है, जो सभी पत्रकारों को साथ लेकर चलता है। वहीं फूल सिंह त्यागी ने पत्रकारों के सम्मान और गरिमा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि एकजुटता ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है।
ब्लॉक प्रतिनिधि अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने कहा कि संगठन पत्रकारों की आवाज है, जो उनके हितों को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने पत्रकारों को शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए कहा कि पत्रकार हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहता है।
पत्रकार सतीश जी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि “हम एक-दूसरे के सहयोगी हैं, और यदि कोई साथी साथ छोड़ देता है तो संगठन कमजोर हो जाता है।” उन्होंने संगठन को शरीर की रीढ़ की हड्डी के समान बताते हुए विश्वासघात से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शर्मा जी ने आयोजन में आई व्यवस्थागत कठिनाइयों के लिए खेद व्यक्त करते हुए सभी उपस्थितजनों से क्षमा याचना की। उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से अपेक्षित अतिथि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, जिससे आयोजन प्रभावित हुआ।
मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता सभी पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की सहभागिता से सुनिश्चित होती है। उन्होंने अनुपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति खेद व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा ने पन्ना जिले में पहली बार इस स्तर के राष्ट्रीय संगठन के आयोजन को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है और इसे और सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और पत्रकारों का स्वागत माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। अंत में सभी ने राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जयकारे लगाए और सामूहिक भोज का आनंद लिया।

No comments:
Post a Comment