रातभर चली कार्रवाई में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दबिश, संदिग्धों की सघन चेकिंग
जबलपुर। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 4 अप्रैल की रात 9 बजे से 5 अप्रैल की रात 2 बजे तक निरंतर जारी रही।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, अंजना तिवारी, पल्लवी शुक्ला तथा सूर्यकांत शर्मा के मार्गदर्शन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ सघन कार्रवाई की।
पुलिस टीमों ने जिलेभर में दबिश देते हुए वर्षों से फरार आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस दौरान कुल 354 वारंट तामील किए गए, जिनमें 172 गैर-जमानती वारंट, 107 गिरफ्तारी वारंट और 75 जमानती वारंट शामिल हैं। अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की निगरानी के साथ ही देर रात घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी जरूरी थी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment