कार में भरकर ले जा रहे थे लाखों की अवैध शराब, सिहोरा पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, March 29, 2026

कार में भरकर ले जा रहे थे लाखों की अवैध शराब, सिहोरा पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी

 



जबलपुर/सिहोरा। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब, नगद राशि और एक कार जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा/उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना सिहोरा पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

थाना प्रभारी सिहोरा प्रतीक्षा मार्को के अनुसार, 28 मार्च 2026 की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोंड़ा की ओर से एक सफेद रंग की कार (क्रमांक MP 21 ZG 7413) में अवैध रूप से शराब भरकर दो व्यक्ति कटनी की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर एनएच-30 स्थित खुड़ावल मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया।

कार में सवार दोनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपने नाम अभय सिंह उर्फ विवेक ठाकुर (गौंड), उम्र 31 वर्ष एवं ऐजाज अहमद, उम्र 26 वर्ष निवासी भट्टा मोहल्ला, थाना रंगनाथ, जिला कटनी बताए। तलाशी लेने पर कार से 24 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब में विभिन्न ब्रांड्स की कुल 24 पेटियां शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 14 हजार 200 रुपये है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 54 हजार 500 रुपये नगद भी बरामद किए गए, जो शराब खरीदने के लिए रखे गए थे। शराब परिवहन में प्रयुक्त कार, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है, उसे भी जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ग्राम पोंड़ा स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर अवैध रूप से कटनी ले जा रहे थे। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

 टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक नन्हेलाल रजक, प्रधान आरक्षक गणेश्वर सिंह, आरक्षक आकाश सोनकर, नीरज, अनुज कंसाना, देवराज, अवधेश, ज्ञानप्रकाश, गोकुल एवं चालक शैलेन्द्र तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment