जबलपुर। राजधानी में कला और फोटोग्राफी का संगम देखने को मिलेगा, जब 3 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में 25वीं ‘चित्रांजलि’ राष्ट्रीय फोटो प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण एवं प्रदर्शनी आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन मूर्धन्य फोटो पत्रकार स्वर्गीय महेंद्र चौधरी की स्मृति में किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली छायाकारों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ और ‘राम उत्सव’ राष्ट्रीय फोटो प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
चित्रांजलि समिति के अध्यक्ष राजेश चौधरी के अनुसार, ‘फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को ₹1,00,000 की नगद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आयोजन का निर्देशन सच्चिदानंद जोशी एवं आलोक जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस वर्ष प्रतियोगिता को देशभर से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। ‘फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ श्रेणी में 7000 से अधिक तथा ‘राम उत्सव’ में 3500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इनमें से श्रेष्ठ छायाचित्रों का चयन ख्यात छायाकार गुरदास दुआ, सचिन सोनी और विनय अंबर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चयनित छायाचित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, साथ ही इस आयोजन पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण किया जाएगा, जो ‘चित्रांजलि’ की 25वीं वर्षगांठ को खास बनाएगा।

No comments:
Post a Comment