प्रथम टुडे
जबलपुर। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक खाली खोखे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात की नीयत से क्षेत्र में घूम रहा था।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार और नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू और केण्ट/डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी खमरिया राजकुमार खटीक ने बताया कि 12 फरवरी की शाम क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोनपुर नहर पुल के पास पथनौरा फार्म, मानेगांव क्षेत्र में एक युवक पिस्टल लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और खमरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू चक्रवर्ती (22 वर्ष) निवासी सोनपुर, पानी टंकी के पास बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड था। साथ ही उसकी जेब से एक चला हुआ कारतूस का खाली खोखा भी मिला।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब चार-पांच महीने पहले रांझी क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से आठ हजार रुपये में यह पिस्टल खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल, कारतूस और खोखा जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार अहिरवार, सहायक उपनिरीक्षक कैलाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक अम्बिका पाण्डे, सत्यसेन यादव, वीरेंद्र सिंह तथा आरक्षक सत्येंद्र बिसेन की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment