क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: मां-बेटे को 16 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दबोचा, 8.34 लाख का माल जब्त - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, February 13, 2026

क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: मां-बेटे को 16 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दबोचा, 8.34 लाख का माल जब्त

 


प्रथम टुडे 

जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने गोरखपुर पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने मां-बेटे को 16 किलो 680 ग्राम गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 8 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में नशे और अवैध तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया और केण्ट/डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई अंजाम दी।

थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल ने बताया कि 13 फरवरी की रात क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऐरावत चौक, हाथीताल के पास एक पुरुष और एक महिला ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और गोरखपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपने नाम चंदन जैन (37 वर्ष) और राजुल जैन उर्फ राजकुमारी जैन (63 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, हाथीताल गोरखपुर बताए। संदेह के आधार पर दोनों के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 8-8 पैकेट कुल 16 पैकेट मादक पदार्थ गांजा रखा मिला। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तौल करने पर गांजा का कुल वजन 16 किलो 680 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा जब्त कर उनके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से और किसके माध्यम से लाया गया था तथा इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की भूमिका विशेष रूप से अहम रही। टीम में उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह, निरीक्षक प्रतीक्षा मार्को, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सोलंकी, अनिल पाण्डे, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, आरक्षक राजेश मिश्रा, अजीत सिंह, विनय सिंह, प्रदीप टेकाम, सायबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह, आरक्षक नीरज तिवारी, आरक्षक सौरभ तथा महिला आरक्षक दीपिका सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है और पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

No comments:

Post a Comment